प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और अन्य पार्टी नेता मंगलवार को दिल्ली पहुंचे। प्रदेश प्रभारी के. राजू ने इनसे स्पष्ट लहजे में कहा कि झारखंड में संगठन के विस्तार और सशक्तीकरण के मामले से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच की दूरी कम होनी चाहिए। क्योंकि, संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की एकता पर ही निर्भर करती है। इसलिए, हमें हर परिस्थिति में कार्यकर्ताओं को एकजुट रखना है। राजू ने जल्द से जल्द झारखंड आने की बात कही। झारखंड के नेताओं के साथ उनकी दो दौर की बैठक हुई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रदेश प्रभारी को पिछले 5 महीने के कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस और महागठबंधन में शामिल अन्य दलों के साथ दी गई संयुक्त सात गारंटियों और कांग्रेस के घोषणा पत्र में किए गए वादों की जानकारी दी। इस संबंध में मुख्यमंत्री से हुई चर्चा और पार्टी द्वारा किए जा रहे प्रयासों का विवरण दिया। कहा- मुख्यमंत्री ने इस पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने जन समस्याओं के समाधान के लिए कांग्रेस कोटे के मंत्रियों द्वारा लगाए गए जनता दरबार पर भी चर्चा की। कमलेश ने अल्प समय में कांग्रेस कोटे के मंत्रियों द्वारा किए गए कार्यों की भी जानकारी देते हुए बताया कि कांग्रेस और महागठबंधन के घोषणा पत्र के अनुरूप कार्य करने की दिशा में सरकार आगे बढ़ रही है। इसका परिणाम जल्द ही देखने को मिलेगा। बैठक में मार्केटिंग बोर्ड के अध्यक्ष रविंद्र सिंह, प्रदेश मीडिया चेयरमैन सतीश पॉल मुंजनी, केदार पासवान और रियाज अंसारी थे।


