राज्य सरकार नेतरहाट आवासीय विद्यालय के छात्रों को इंजीनियरिंग और मेडिकल की कोचिंग कराएगी। शिक्षकों की कमी दूर होने तक छात्रों को ऑनलाइन और ऑफलाइन रूप से मोटिवेट किया जाएगा। इसमें आईआईएम, एक्सएलआरआई के गेस्ट फैकल्टी भाग लेंगे। मंगलवार को नेतरहाट आवासीय विद्यालय की हुई समीक्षा बैठक के बाद शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्कूल में विभिन्न विषयों के एक्सपर्ट हायर किए जा रहे हैं। इनकी संख्या बढ़ाई जाएगी। नेतरहाट आवासीय विद्यालय की नियमावली में भी परिवर्तन होगा। इसके लिए नेतरहाट आवासीय विद्यालय के पूर्ववर्ती छात्र, पूर्व शिक्षक और शिक्षा विभाग के अधिकारियों की टीम गठित होगी। यह टीम पहले आकलन करेगी और फिर उस अनुसार नियमावली में बदलाव किया जाएगा।


