राष्ट्रीय किसान और गौ पालक सम्मेलन का आयोजन 26 से 28 मार्च तक सुरभि सदन, पिंजरापोल गौशाला, सांगानेर, जयपुर में होगा। इसमें प्राकृतिक कृषि, गौशालाओं के विकास और जैविक खेती से जुड़े मुद्दों पर मंथन होगा। सम्मेलन का आयोजन अखिल भारतीय गौशाला सहयोग परिषद, लोक भारती, अखिल भारतीय जैविक किसान उत्पादक संघ और हैनिमन चेरिटेबल मिशन सोसायटी की ओर से किया जा रहा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, पूर्व युवा बोर्ड अध्यक्ष भूपेंद्र सैनी और भाजपा नेता राजेंद्र सिंह शेखावत ने पार्टी कार्यालय में सम्मेलन के पोस्टर का विमोचन किया। अखिल भारतीय गौशाला सहयोग परिषद के अंतरराष्ट्रीय संयोजक डॉ. अतुल गुप्ता ने बताया कि तीन दिवसीय सम्मेलन में गौ आधारित प्राकृतिक कृषि, किसानों और गौपालकों से जुड़े विषयों पर चर्चा की जाएगी। बेहतर कार्य करने वाली गौशालाओं का होगा सम्मान गुप्ता ने बताया कि देशभर में अच्छा कार्य कर रही गौशालाओं का सम्मान किया जाएगा। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। साथ ही राजस्थान और केंद्र सरकार के विभागों द्वारा किसानों, ग्राम विकास और औषधीय पौधों से जुड़े विषयों पर कार्यशाला भी आयोजित की जाएगी। सम्मेलन में किसानों, गौशाला संचालकों और कृषि विशेषज्ञों के साथ विभिन्न योजनाओं पर मंथन होगा, जिससे प्राकृतिक कृषि और जैविक खेती को बढ़ावा मिल सके।


