जैसलमेर जिले में लगातार तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर चल रहा है। बुधवार को अचानक मौसम में बदलाव देखा गया और आसमान में बादल छाए जिससे ठंडक का असर बढ़ गया। मौसम विभाग के अनुसार एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जिले में बुधवार को कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। साथ ही तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट होने की संभावना है। मौसम विभाग ने जिले में बुधवार को बारिश का येलो अलर्ट भी जारी किया है। गौरतलब है कि जिले में मंगलवार को हल्की हल्की हवाएं चली। जिससे दिन में लोगों को गर्मी से मामूली राहत मिली। पिछले दिनों अधिकतम तापमान 34 डिग्री पर पहुंच गया था। लेकिन 2 दिनों से अधिकतम तापमान में गिरावट हो रही है। दो दिनों में पारा 3 डिग्री तक गिर चुका है। लेकिन रात में पारे की बढ़ोतरी से गर्मी का असर भी बढ़ गया है। मंगलवार को रात का पारा दूसरी बार 18 डिग्री के पार चला गया। बढ़ते तापमान ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी गर्मी का असर तेज है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 31.6 व न्यूनतम 18.5 डिग्री दर्ज किया गया। आज बारिश का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने जैसलमेर में आगामी 4 दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है। वहीं बुधवार को जिले में बारिश व मेघगर्जना का येलो अलर्ट जारी किया है। कृषि मौसम वैज्ञानिक अतुल गालव ने बताया कि एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जिले में बुधवार को कहीं कहीं बारिश होने की संभावना है। साथ ही तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट होने की संभावना है। तापमान बढ़ने के साथ ही सिंचाई के लिए पानी नहीं मिलने से जीरा व गेहूं की फसलें चौपट होने की आशंका है।


