बजट से उम्मीदें:नए जनाना भवन के लिए 120 करोड़, कोर्ट निर्माण, प्रतापनगर-बलीचा 4 लेन पुलिया और सरस के नए प्लांट के लिए 200 करोड़ मिलने की आस

प्रदेश की भजनलाल सरकार 19 फरवरी को राज्य बजट पेश करेगी। इससे उदयपुर को बड़ी उम्मीदें हैं। आरएनटी मेडिकल कॉलेज के अधीन संचालित राजकीय पन्नाधाय जनाना अस्पताल की जर्जर और खाली भवन की जगह नए भवन के लिए 120 करोड़ रुपए के बजट की उम्मीद है। इसके अलावा कोर्ट निर्माण, प्रतापनगर-बलीचा 4 लेन पुलिया और सरस के नए प्लांट के लिए 200 करोड़ भी मिलना संभव है। प्रदेश सरकार का फोकस मेवाड़ पर है। ऐसे में कई अन्य सौगातें भी मिल सकती हैं। अभी जनाना अस्पताल एमबी अस्पताल में संचालित होने से गर्भवती महिलाओं और प्रसूताओं को जांच, डिलीवरी सहित विभिन्न उपचार के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। आयड़ चौकी को थाना में क्रमोन्नत करने की मांग भी पूरी होने की आस है। इन विकास कार्यों के प्रस्ताव उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन की ओर से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के समक्ष प्रस्तुत किए जा चुके हैं। बताया जा रहा है कि उदयपुर-जयसमंद रोड पर स्थित डाया बांध को भरने की योजना के लिए भी बजट मिलने की पूरी उम्मीद है। इन्फ्रा-चिकित्सा-शिक्षा सहित अन्य सेक्टरों को भी उम्मीदें नई कोर्ट बिल्डिंग – बलीचा में पहले ही मिल चुकी जमीन, अब निर्माण के लिए पैसा चाहिए
कोर्ट की मौजूदा बिल्डिंग व्यस्ततम कोर्ट चौराहे पर है। यहां लगभग 100 चैंबर हैं। 3,000 अधिवक्ता हैं। 1,500 रोज प्रैक्टिस के लिए पहुंचते हैं। सैकड़ों परिवादी भी आते हैं। मौजूदा कोर्ट भवन आजादी से पहले का है और कई स्थानों से जर्जर हो चुका है। नई बिल्डिंग के लिए बलीचा में आईआईएम के पास 80 बीघा जमीन मिल चुकी है। डाया बांध – टनल-नहर से भरने का प्लान, 23 गांवों की 1,800 हेक्टेयर भूमि की सिंचाई होगी
उदयपुर-जयसमंद रोड पर स्थित डाया बांध मानसून में खाली रह जाता है। इसे टीडी नदी पर एनीकट बनाकर भरने का प्लान है। इसके लिए टनल और नहर बनाई जाएगी, ताकि पानी को डायवर्ट किया जा सके। बांध भरने से 23 गांवों की 1,800 हेक्टेयर जमीन पर सिंचाई हो सकेगी। जल संसाधन विभाग ने प्रस्ताव सरकार को भेज चुका है। सरस प्लांट – बजट मिला तो बढ़ जाएगा उत्पादन, 1.10 लाख की जगह 3 लाख लीटर दूध प्रोसेस होगा
उदयपुर सरस डेयरी का प्लांट 42 साल पुराना हो चुका है। संघ ने 3 लाख लीटर रोजाना दूध प्रोसेस करने की क्षमता वाले नए प्लांट का प्रस्ताव सरकार को भेजा है। नए प्लांट में कई प्रकार के डेयरी उत्पाद तैयार किए जाएंगे। इस प्रोजेक्ट के लिए 200 करोड़ रुपए का बजट मिलने की संभावना है। वर्तमान प्लांट की क्षमता 1.10 लाख लीटर है, जबकि वहां रोजाना 1.50 लाख लीटर दूध की आवक हो रही है। पिछले 3 बजट से उदयपुर में खेलाें के विकास के लिए सरकारों ने कई घोषणाएं कीं, लेकिन ये अभी तक धरातल पर नहीं उतर सकी। सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक – 2022 में कांग्रेस ने उदयपुर के लिए 7.5 करोड़ के बजट से इस ट्रैक को बनाने की घोषणा की थी। निर्माण महाराणा प्रताप खेलगांव में होना था। काम अधूरा है। संभाग में एक भी सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक नहीं है। खिलाड़ियों को मिट्टी के ट्रैक पर तैयारी करनी पड़ रही है। सलीम दुर्रानी स्पोर्ट्स स्कूल – साल 2023 में गहलोत सरकार ने अपने आखिरी बजट में उदयपुर जिले सहित प्रदेशभर में सलीम दुर्रानी स्पोर्ट्स स्कूल शुरू करने की घोषणा की थी। खेल विभाग ने इसके लिए महाराणा प्रताप खेलगांव में जमीन तय कर निर्माण भी शुरू कर दिया है। लेकिन, ये भी अभी तक अधूरा है। आवासीय स्कूल और स्पोर्ट्स कॉलेज – भाजपा की नई सरकार बनी ताे फरवरी 2024 में आए बजट में 25 करोड़ रु. आवासीय स्कूल बनाने के लिए घोषित किया। इसके चार माह बाद जुलाई में अपने पूर्णकालिक बजट में प्रदेशभर में स्पोर्ट्स कॉलेज खोलने की घोषणा की। लेकिन, अब तक दोनों घोषणाओं के लिए केवल खेलगांव में जमीन तय हो पाई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *