सदर थाना क्षेत्र का मामला:हत्या का मौताणा नहीं दिया तो हथियारों के साथ बोला धावा, तोड़फोड़ व आगजनी

सदर थाना क्षेत्र के धामसरा में तय मौताणा (हर्जाना) राशि नहीं देने की बात पर गुस्साए दूसरे पक्ष ने हत्या के आरोपी पक्ष के घर को मंगलवार दोपहर आग के हवाले कर दिया। सदर थाना पुलिस ने दमकल की सहायता से आग पर काबू पाया। सुरक्षा की दृष्टि से मौके पर जाब्ता तैनात किया गया। मौके से 6 लोगों को हिरासत में लिया है। सीओ माउंट गोमाराम ने बताया कि 14 जनवरी को शहर थाना क्षेत्र इलाके में बस स्टैंड के सामने रंजिश के चलते धामसरा निवासी 4 युवकों ने कालूराम गरासिया की चाकू मारकर हत्या कर दी थी। मामले में दोनों पक्षों के बीच सामाजिक वार्ता हुई और मौताणा देने की राशि तय हुई थी। एक माह बाद भी पीड़ित पक्ष को मौताणा नहीं दिया। मंगलवार को पीड़ित पक्ष से 10 से 12 लोग लाठी डंडे, तलवार, धारिया लेकर धामसरा पहुंचे। तीन आरोपियों के पास-पास बने घरों में तोड़फोड़ की और झोपड़ी, घरों को आग के हवाले कर दिया। मौके से सामान लेकर भाग गए। सीओ माउंट गोमाराम ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि सभी आरोपियों को साथ में मिलकर मौताणा राशि देनी थी लेकिन तीन नाबालिगों के परिजनों ने मौताणा राशि देने से मना कर दिया। घर के सामने दो बकरे काटे, जेवर ले गए
पुलिस को ग्रामीणों ने बताया कि हमलावरों को देख दूसरे पक्ष के लोग घर छोड़कर भाग गए। लगभग 2 घंटे तक तोड़फोड़, उत्पात चला। घरों के बाहर बंधे 15 बकरे चोरी कर लिए और दो मौके पर ही काट दिए। पांच पक्के मकान में से दो घरों में आग लगा दी। तीन घरों में तोड़फोड़ की और पांच झोपड़ी में से तीन को आग के हवाले कर दिया। सोने चांदी के आभूषण, 2 लाख रुपए नकद सहित 2 बाइक, 1 साइकिल, टीवी को तोड़कर घरों में रखे 15 बोरी गेहूं नष्ट कर दिए। गिरवर पुलिस चौकी के जवान घटना के डेढ़ से 2 घंटे बाद मौके पर पहुंचे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *