राजस्थान सरकार ने बुधवार को अपना बजट पेश किया। वित्त मंत्री दीया कुमारी ने बजट में अगले एक साल में सवा लाख सरकारी भर्तियों की घोषणा की है। जिससे धौलपुर जिले के लोगों को रोजगार की उम्मीद जगी है। उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने बिजली की 100 यूनिटों को बढ़ाकर डेढ़ सौ यूनिट तक फ्री कर दिया है। इसका जिले के लोगों ने खुले दिल से स्वागत किया है। मुफ्त बिजली के लाभार्थी परिवारों के घरों पर सोलर प्लेट लगाई जाएगी। जिनके घरों पर स्पेस नहीं है, वहां सामुदायिक सोलर प्लांट लगाकर उन्हें लाभ दिया जाएगा। बजट में 5 लाख नए घरेलू बिजली कनेक्शन और 5 हजार नए कृषि कनेक्शन की भी घोषणा की गई है। दीया कुमारी ने राजस्थान में 9 नए ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे और 15 शहरों में रिंग रोड बनाने की भी बजट में घोषणा की है। साथ ही प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 10-10 करोड़ रुपए की लगात से नॉन पेचैंबल सड़कें बनाई जाएंगी। वहीं पेयजल विभाग में 1050 नए टेक्निकल पदों पर भी भर्ती की जाएगी। अगले एक साल में 1500 हैडपंप और एक हजार ट्यूबवेल्स भी राजस्थान में लगाए जाएंगे। अपने बजट भाषण में उपमुख्यमंत्री ने आंगनवाड़ी में सप्ताह में 5 दिन दूध दिए जाने की घोषणा की है। जिस पर 200 करोड़ से ज्यादा का खर्च आएगा। बजट में 5 हजार उचित मूल्य की दुकानों पर अन्नपूर्णा भंडार खोले जाएंगे। जिससे धौलपुर जिले के लोगों को लाभ मिलेगा। बजट में बालिका गृह में रहने वाली बालिकाओं के लिए 50 बेडेड सरस्वती होम बनाए जाने की घोषणा की गई है।


