पन्ना जिले की रत्नगर्भा धरती से एक बार फिर 5 युवकों की किस्मत चमक उठी है। इन्हें 17.11 कैरेट का कीमती हीरा मिला है। प्रकाश कुशवाहा नाम के युवक ने 4 साथियों के साथ हीरा कार्यालय पहुंचकर हीरा जमा करा दिया है, जिसे अब अगली हीरा नीलामी में रखा जाएगा। हीरे की अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपए बताई जा रही है। दरअसल, नयापुरवा निवासी प्रकाश कुशवाहा 4 साथियों के साथ कृष्ण कल्याणपुर पटी में हीरा कार्यालय से पट्टा बनवाकर हीरा खदान कर रहा था। खुदाई के दौरान 17 कैरेट 11 सेंट का हीरा मिला है। प्रकाश कुशवाहा ने बताया कि वह 4-5 साल से हीरा खदान लगाकर हीरे की तलाश कर रहा है, लेकिन इस वर्ष 7 दिन की मेहनत में ही 17.11 कैरेट का हीरा मिला है। उन्होंने कहा कि यह हीरा उनकी और उनके साथियों की जिंदगी बदल देगा। हीरे से मिलने वाले पैसों से वह आगे हीरा खदान में काम करेंगे।साथ ही कुछ धंधा कर आय का साधन तैयार करेंगे। वहीं हीरा कार्यालय में पदस्थ पारखी अनुपम सिंह ने बताया कि यह उज्ज्वल किस्म का है, लेकिन हीरे में छींटे होने के कारण भाव कम मिल सकता है।


