डूंगरपुर मेडिकल कॉलेज में यूटीबी कर्मचारियों का आंदोलन नौवें दिन भी जारी रहा। कर्मचारी प्रतिदिन सुबह 10 से 12 बजे तक कार्य बहिष्कार कर रहे हैं। बुधवार को कर्मचारियों ने राजस्थान मेडिकल एजुकेशन सोसाइटी (राजमेस) के लिए सद्बुद्धि यज्ञ का आयोजन किया। यज्ञ के माध्यम से अधिकारियों को उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की प्रेरणा मिले, यही कामना की गई। यूटीबी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रोहित चौबीसा ने बताया कि राजमेस द्वारा संचालित प्रदेश के सात मेडिकल कॉलेजों में यूटीबी कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्षरत हैं। वर्ष 2017-18 में मेडिकल कॉलेज की स्थापना के साथ नियमानुसार भर्ती किए गए इन कर्मचारियों को न तो वेतन वृद्धि का लाभ मिला है और न ही सीएसआर रूल्स 2022 में शामिल किया गया है। चौबीसा ने कहा कि सात वर्षों से यूटीबी कर्मचारी नियमित कर्मचारियों की तरह काम कर रहे हैं। राज्य स्तरीय बैठक में मेडिकल कॉलेज के यूटीबी कर्मचारियों को सीएसआर रूल्स में शामिल करने का अनुमोदन भी किया जा चुका है। समान पद पर कार्य करने के बावजूद सरकार भेदभाव कर रही है। कर्मचारियों की प्रमुख मांगें हैं – स्थायी नियुक्ति, सीएसआर रूल्स 2022 में शामिल करना और वेतन वृद्धि। आंदोलन के कारण मेडिकल कॉलेज का दैनिक कामकाज प्रभावित हो रहा है।


