वृंदावन के प्रमुख संत प्रेमानंदजी महाराज का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें वे जयपुर के वेंट्रिलोक्विस्ट राहुल मिश्रा के साथ बातचीत के दौरान ठहाके लगाते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो में राहुल अपने जोजो और जॉनी नामक पपेट्स के जरिए महाराज से संवाद कर रहे हैं, जिस पर प्रेमानंद जी लगातार हंसते और उनकी कला की सराहना करते दिखाई दे रहे हैं। राहुल मिश्रा देशभर में एक वेंट्रिलोक्विस्ट के रूप में पहचान बना चुके हैं। वेंट्रिलोक्विज्म (पेटबोली) एक अनोखी कला है, जिसमें कलाकार बिना होठ हिलाए आवाज निकालता है, जिससे ऐसा लगता है कि कोई अन्य व्यक्ति या पपेट बोल रहा है। राहुल ने बताया कि मेरे पास जोजो और जॉनी नाम के दो पपेट्स हैं, जिनके जरिए मैं अपनी परफॉर्मेंस देता हूं। वृंदावन में प्रेमानंद जी महाराज से मुलाकात के दौरान जोजो और जॉनी ने उनसे संवाद किया, जिस पर वे लगातार हंसते रहे और बोले- ‘ये खिलौने खुद कैसे बोलते हैं? यह तो अद्भुत कला है!’ उन्होंने मेरी इस कला की काफी सराहना की।’
राहुल ने कहा- महाराज जी को कला इतनी पसंद आई की, जब मैं बाहर निकला तो उन्होंने अपने शिष्यों को भेजकर फिर से बुलाया। दो मुलाकात हुई और उन्होंने फिर उस कला की जानकारी ली। जब मैंने उन्हें बताया कि इन दोनों पपेट्स की आवाज मेरे अंदर से आ रही है तो उन्होंने कहा कि गजब। उन्होंने मेरे जोजो और जॉनी को 500-500 इनाम के रूप में दिए। मुझे सम्मानित किया और प्रसादी ग्रहण करवाई। यह मेरे लिए बहुत बड़ी बात है। हमारे जैसे युवा उनके भक्त है और उनकी वाणी और प्रवचनों को फॉलो करते हैं। जब मैं बाहर निकला तो बृजवासियों ने घेर लिया और कहा कि हमने महाराजजी को इतना हंसते हुए नहीं देखा है, आपने कमाल कर दिया। थिएटर से वेंट्रिलोक्विज्म तक का सफर राहुल ने अपने करियर की शुरुआत थिएटर से की थी, लेकिन इस क्षेत्र में पर्याप्त कमाई न होने के कारण उन्होंने 2015 में यूट्यूब पर एक चैनल बनाया। उनके दोस्तों ने उन्हें एक पपेट बनाकर दिया, जिससे उन्होंने वीडियो बनाए। टिकटॉक पर उनके वीडियो वायरल हुए, लेकिन असली सफलता तब मिली जब उन्होंने अपनी कला को और निखारा और बड़े मंचों तक पहुंचे। राहुल कई बड़े शोज का हिस्सा रह चुके हैं। वे बिग बॉस के सेट पर स्पेशल परफॉर्मेंस देने पहुंचे थे और इंडियाज गॉट टैलेंट में भी अपनी कला का प्रदर्शन कर चुके हैं।


