नागौर के मूंडवा थाना क्षेत्र के भडाणा गांव में चोरों ने एक घर के कमरों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण चुरा लिए। पुलिस के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग 58 के भडाणा बाइपास पर स्थित सुनील वैष्णव के सूने मकान में चोर घुसे और 2 कमरों के ताले तोड़ कर सोने चांदी के आभूषण चुरा ले गए। वारदात के समय सुनील की पत्नी सुनीता पड़ोसी के घर गई हुई थी। सुनील का पुत्र घर लौटा तो दरवाजे खुले मिले, लेकिन घर में कोई नहीं होने पर उसने मां को तलाशा। महिला जब घर पहुंची तो कमरों में सामान बिखरा देखकर शोर मचाया। आसपास के मकानों से लोग पहुंचे तो चोरी होने का माजरा समझ में आया। चोरी की सूचना मिलने पर मूंडवा थानाधिकारी सुमन बुंदेला मय जाब्ता मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। एफएसएल प्रभारी मूलाराम मौके पर पहुंचे और वारदात के साक्ष्य जुटाए। थानाधिकारी सुमन बुंदेला ने बताया कि वारदात से जुड़ी संदिग्ध गाड़ी की तलाश की जा रही है, कुचेरा टोल नाका व अन्य सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। सुनीता ने पुलिस को बताया कि घटना स्थल पर चोरों ने दो कमरों के ताले तोड़े। एक कमरे में पलंग में रखा सामान खंगाला, लेकिन वहां कुछ नहीं मिला। दूसरे कमरे के ताले तोड़ने के बाद चोरों ने सूटकेस तथा एक संदूक खंगाला। उनमें भी कुछ नहीं मिला। लेकिन उसी कमरे में रखी आलमारी की चाबी चोरों के हाथ लग गई। उसी आलमारी में आभूषण रखे थे। चोरों ने आनन-फानन में आलमारी में से कुछ सामान चुरा ले गए और कुछ छोड़ गए। बताया जा रहा है कि चोरों को किसी के आने की भनक लग गई या फिर असली-नकली का भेद नहीं कर पाने की वजह से कुछ आभूषण बच गए। सुनील काम के सिलसिले में दूसरे राज्य में गया हुआ है। पीछे घर में उसकी पत्नी सुनिता व बच्चे ही थे। सुनिता घर का आंगन लीपने के लिए गोबर लाने पड़ोसी के घर गई थी। चाय पीने के बाद वहां से निकली तब तक चोर घर में हाथ साफ कर गए। इस वारदात से ग्रामीणों में रोष है। पीड़िता सुनीता ने बताया कि कमरे में रखी आलमारी में प्लास्टिक की डिबियों में रखड़ीसेट, चार जोड़ी पायजेब, चांदी की छोटी-मोटी अंगुठियां, कुछ चांदी के सिक्के रखे थे, जिन्हें चोर चुरा ले गए। लेकिन दूसरी डिब्बी में नकली आभूषणों के साथ नेकलेस, कानों के पत्ते, सोने की अंगूठी, नाक की बाली रखे थे, जिन्हें चोर नहीं ले गए।


