मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ पर बनी रणनीति:भाजपा कार्यकर्ता घर-घर बताएंगे, सरकार ने दो साल में आधे से ज्यादा काम पूरे किए

‘विकसित भारत’ और मिशन 2028 के लक्ष्य को लेकर भाजपा ने बूथ स्तर तक अपनी रणनीति तय कर दी है। सोमवार को इसी सिलसिले में पार्टी के प्रदेश कार्यालय में संयुक्त मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक हुई। इसमें ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ टास्क पर विस्तार से चर्चा हुई। इसमें पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शासन की योजनाओं और ‘मोदी की गारंटी’ की उपलब्धियों को गांवों में जाकर जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हमारा लक्ष्य वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत‘ की संकल्पना को पूरा करना है। सच्ची सेवा भावना के साथ हमें एक शक्तिशाली और समृद्धशाली भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभानी है। हमने मात्र दो वर्षों में मोदी की गारंटी के अधिकांश वादों को पूरा कर दिया है। कार्यकर्ता घर-घर संपर्क कर प्रधानमंत्री आवास, धान खरीदी, किसान और महिला सशक्तीकरण सहित अन्य योजनाओं की जानकारी दें, ताकि जनता का सरकार से सीधा संवाद और विश्वास और मजबूत हो सके। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी व यशवंत जैन ने किया। बैठक में भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कंडेय, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर और महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी मौजूद थीं। भाजपा कार्यक्रम आधारित पार्टी: किरण देव
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि भाजपा ‘कार्यक्रम आधारित’ दल है। यहां सालभर सेवा के कार्य चलते रहते हैं। पार्टी के विभिन्न मोर्चा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक मजबूती के लिए काम करने की जरूरत है। पार्टी में लगातार प्रशिक्षण की परंपरा है। हमारे प्रशिक्षण वर्ग की कार्यशाला 17 फरवरी से शुरू हो रही है। दल के शीर्ष नेता इसमें नए कार्यकर्ताओं को भाजपा की रीति-नीति से अवगत कराएंगे। राष्ट्र प्रथम की भावना से भारत बनेगा विकसित: जम्वाल
क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने कहा कि भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है। हमारा वास्तविक लक्ष्य भारत को शक्तिशाली, समृद्ध, आत्मनिर्भर और विश्वगुरु बनाना है। राष्ट्र प्रथम की भावना को केंद्र में रखकर सेवा और समर्पण के साथ काम करें। तभी ‘विकसित भारत’ का सपना साकार होगा। कार्यकर्ताओं को ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ के संकल्प के साथ जनता के बीच जाना होगा। बजट 24 को, कार्यकर्ता लगाएंगे मोहल्ला चौपाल
छत्तीसगढ़ का बजट 24 फरवरी को विधानसभा में पेश होगा। वित्त मंत्री ओपी चौधरी लगातार तीसरे साल प्रदेश का बजट पेश करेंगे। संयुक्त मोर्चा की बैठक में भाजपा कार्यकर्ताओं को बजट की मुख्य बातों की जानकारी आम जन तक पहुंचाने के लिए घर-घर संपर्क अभियान चलाने का टास्क सौंपा गया। प्रदेश के 24731 बूथों पर युवाओं और महिलाओं से संवाद किया जाएगा। मोहल्ला चौपाल के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे। इसी तरह युवा संवाद कार्यक्रमों के जरिए शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास से जुड़ी योजनाओं पर भी बात होगी। चुनाव खत्म होते अगले की तैयारी में जुट जाते हैं कार्यकर्ता: पाण्डेय भाजपा के मुख्य प्रवक्ता संतोष पाण्डेय ने कहा कि हमारे लिए राजनीति सत्ता प्राप्ति का माध्यम भर नहीं, बल्कि विचारधारा के विस्तार और जनसेवा का संकल्प है। कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित प्रदेश कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी में नए पदाधिकारियों के निर्वाचन के बाद प्रशिक्षण अनिवार्य है। इससे संगठन बूथ स्तर तक मजबूत होता है। पाण्डेय ने कहा कि कार्यशाला के जरिए डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवाद और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचार को जमीन तक उतारा जा रहा है। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की रणनीति पर फोकस है। मिशन 2028 के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि भाजपा एक जीवंत संगठन है। एक चुनाव खत्म होते ही अगले की तैयारी शुरू हो जाती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *