भास्कर न्यूज | बेनूर ग्राम पंचायत बेनूर स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी-हिंदी माध्यम विद्यालय के पास लगा ट्रांसफार्मर लंबे समय से खतरे का कारण बना हुआ था। ट्रांसफार्मर के नीचे लगा करंट बोर्ड खुला रहने से शॉर्ट सर्किट और बड़े हादसे की आशंका बनी हुई थी। स्कूल के समीप होने के कारण रोजाना बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों और ग्रामीणों का आवागमन होता है, जिससे दुर्घटना की संभावना लगातार बनी हुई थी। इस गंभीर समस्या को लेकर 23 जनवरी को समाचार प्रकाशित कर संबंधित विभाग का ध्यान आकर्षित किया गया था। खबर सामने आने के बाद बेनूर में मौजूद विद्युत कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रांसफार्मर के नीचे लगे करंट बोर्ड के दरवाजे को बंद कर दिया है। इससे संभावित खतरे को काफी हद तक टाल दिया गया है। ग्रामीणों और पालकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए राहत की सांस ली है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी इस तरह की लापरवाही नहीं होगी।


