भास्कर न्यूज | जालंधर लाडोवाली रोड स्थित सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज में इस साल से सिविल इंजीनियरिंग और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के दो नए कोर्स भी होंगे। इन दोनों कोर्सेस की पढ़ाई 3 साल की होगी और हर कोर्स में 30-30 सीटें रखी गई हैं। जो छात्र 10वीं पास कर चुके हैं, वे इन कोर्सेस में एडमिशन ले सकते हैं। एडमिशन की प्रक्रिया अप्रैल महीने से शुरू हो जाएगी। कोर्सेस की फीस 29,150 रुपए है। अनुसूचित जाति से संबंधित छात्र जिसके परिवार की सालाना कमाई 2.5 लाख से कम है, को पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप के तहत एडमिशन मिलेगी। उसे बस 1,133 रुपए देने होंगे। इसी तरह मुख्यमंत्री स्कॉलरशिप योजना के जरिए उन बच्चों को फीस में बड़ी छूट मिलेगी जिनके 10वीं में अच्छे नंबर आए हैं। इसी तरह 90% नंबर लाने वाले छात्र को सिर्फ 7,150 रुपए देने होंगे। 80 से 90% के बीच बच्चों को शुरुआत में 8,250 रुपए तो 6 महीने बाद 1,100 रुपए देने होंगे। इसी तरह 70 से 80% नंबर वालों को एडमिशन के समय 9,350 रुपए और 6 महीने बाद 2,200 देने होंगे। अगर किसी छात्र के नंबर 60 से 70% के बीच हैं, तो उसे एडमिशन के समय 10,450 और 6 महीने बीत जाने पर 3,300 का भुगतान करना होगा।


