भास्कर संवाददाता| भीलवाड़ा शहर की झूलेलाल टीम ने सिंध प्रांत की सांस्कृतिक विरासत को देश-विदेश तक पहुंचाने की अनूठी पहल की है। सिंधु संस्कार सेवा समिति के तत्वावधान में मकराणा से भगवान झूलेलालजी की 51 प्रतिमाएं तैयार कराकर अमेरिका, चीन और अफ्रीका सहित देश के विभिन्न राज्यों में भेजी गई हैं। कई स्थानों पर इन प्रतिमाओं की प्रतिष्ठा शुरू हो चुकी है। राजस्थान में जयपुर और अजमेर के साथ गुजरात के अहमदाबाद व हिम्मतनगर में नवनिर्मित मंदिरों में विधि-विधान से स्थापना की गई। कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। समिति प्रमुख हरीश मानवानी ने बताया कि 1947 के विभाजन के बाद सिंधी समाज के बिखराव को सांस्कृतिक एकता से जोड़ने का यह प्रयास है, जिससे युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ा जा सके। गुजरात के हिम्मतनगर और अहमदाबाद में भगवान झूलेलाल की मूर्तियों की प्राण-प्रतिष्ठा कराई गई। समारोह में हरीश मानवानी, नरेश रामचंदानी, दिलीप रावानी, आसनदास लीमानी और जितेंद्र मोटवानी आदि मौजूद रहे। हिम्मतनगर में प्रतिष्ठा कार्यक्रम स्वामी संजयदास उदासीन के मुख्य आतिथ्य में हुआ। वहीं, अहमदाबाद की विधायक डॉ. पायल बेन कुकरानी और हिम्मतनगर के विधायक वीरेंद्रसिंह झाला की उपस्थिति में कार्यक्रम हुआ। डॉ. कुकरानी देश में सिंधी समाज की एकमात्र विधायक हैं। गुजरात में दो जगह कराई प्राण-प्रतिष्ठा


