जयपुर के मानसरोवर थाना इलाके में 6 से अधिक बदमाशों ने दो युवकों के साथ 20 लाख रुपए की लूट की वारदात को अंजाम दिया। यह घटना मानसरोवर थाना इलाके के भारत माता सर्किल स्थित राजस्थान धर्म कांटे के पास हुई। लूट की जानकारी मिलने पर मानसरोवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इलाके में लगे हुए सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया। वहीं, दोनों युवकों से पुलिस घटना को लेकर उनके बयान ले रही हैं। मानसरोवर थाना सीआई लाखन खटाना ने बताया- अब तक की जांच में सामने आया है कि वैशाली नगर में रहने वाले डॉक्टर सुनीत सोनी के दो नौकर दयाल लोबिया और सीताराम जाट 20 लाख रुपए लेकर निवाई में राजू राम को देने जा रहे थे। इसी दौरान बाइक और कार से कुछ बदमाश उनके पास आए। उन पर हमला कर दिया। बदमाश उनका नोटों से भरा बैग लूट कर फरार हो गए। पीड़ितों ने फोन कर पुलिस को सूचना दी दयाल लोबिया ने फोन कर पुलिस कंट्रोल को घटना की जानकारी दी। इस पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पीड़ित से घटना की जानकारी लेने पर टीम ने इलाके में लगे हुए सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए। घटना को लेकर पुलिस टीम दोनों युवकों से पूछताछ कर रही है। जयपुर सिटी में नाकेबंदी लगाई जानकारी में आया है कि यह पैसा डॉक्टर सुनीत सोनी का था, जिनके यहां पर दोनों युवक काम करते हैं। घटना को लेकर पुलिस ने जयपुर सिटी में नाकेबंदी लगाई। कोई ठोस जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है। वैशाली नगर निवासी डॉक्टर सुनीत सोनी ने बताया- दोनों युवक उन के पास काम करते हैं। यह पैसा वह निवासी में उनके फार्म पर काम करने वाले के लिए भेजा था। मानसरोवर थाना पुलिस हर एंगल पर काम कर रही हैं।


