बजट को लेकर एक्सपर्ट्स की प्रतिक्रियाएं:कहा- 975 करोड़ की घोषणा से पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा; ट्राइबल सर्किट बनाने का फैसला सराहनीय

राज्य सरकार के बजट के बाद इंडस्ट्री के अलग-अलग एक्सपर्ट्स की प्रतिक्रियाएं सामने आई है। फेडरेशन ऑफ हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म ऑफ राजस्थान (एफएचटीआर) के प्रेसिडेंट कुलदीप सिंह चंदेला ने कहा कि पर्यटन विकास के लिए 975 करोड़ रुपए बड़ा बजट मिला है। जिससे इस सेक्टर को काफी प्रोत्साहन मिलेगा। रात्रि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भी 100 करोड़ की घोषणा की गई है। पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए धार्मिक पर्यटन केंद्रों का विकास भी किया जाएगा। इसके अलावा राज्य को ऐसे बड़े आयोजनों का केन्द्र बनाने के लिए आईफा और राजस्थान कॉलिंग जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जो पर्यटन को बढ़ावा देने में सहायक होंगे और विश्वभर से पर्यटकों को आकर्षित करेंगे। यह प्रशंसनीय है कि शेखावाटी हवेलियों के संरक्षण के लिए भी कदम उठाए जाएंगे। 50 करोड़ रुपए की लागत से गोविंद देव जी कला महोत्सव की घोषणा भी एक सराहनीय कदम है। वहीं, जयपुर की यातायात समस्या को सुधारने के लिए 250 करोड़ रुपए की लागत से ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। 9,500 किलोमीटर नई सड़कों के निर्माण से पर्यटन के लिए कनेक्टिविटी और बेहतर होगी। इसके साथ ही, ग्रामीण पर्यटन के तहत 10 गांवों का विकास किया जाएगा और 100 करोड़ रुपए की लागत से ‘ट्राइबल टूरिस्ट सर्किट’ भी विकसित किया जाएगा। कुल मिलाकर वास्तव में यह पर्यटन के अनुकूल बजट है। विकास का रोडमैप प्रस्तुत किया गया है – अशोक कजारिया फिक्की राजस्थान स्टेट काउंसिल के चेयरमैन एवं कजारिया सेरामिक्स लिमिटेड के सीएमडी अशोक कजारिया ने कहा कि यह बजट प्रभावी रूप से केंद्रीय बजट का पूरक है और राजस्थान के सतत तथा समावेशी विकास के लिए एक स्पष्ट रोडमैप तैयार करता है। उन्होंने यह भी कहा कि परियोजनाओं के कार्यान्वयन पर ध्यान केंद्रित करने तथा खिलौना, स्टोन, सिरेमिक, फार्मा और टेक्सटाइल पार्क की घोषणा से चिह्नित सेक्टर्स में निवेश को दिशा देने में मदद मिलेगी। ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर पॉलिसी और राजस्थान ट्रेड प्रमोशन पॉलिसी से राज्य में नीतिगत ढांचा अधिक मजबूत होगा। फिक्की राजस्थान स्टेट काउंसिल के को-चेयरमैन एवं शाहपुरा होटल्स एंड रिसॉर्ट्स के चेयरमैन सुरेन्द्र सिंह शाहपुरा ने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने और नए गंतव्यों के विकास के लिए ट्राइबल टूरिस्ट सर्किट, हेरिटेज, ग्रामीण और रात्रि पर्यटन को प्रोत्साहन देना काफी सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि संभागीय मुख्यालयों पर हॉस्पिटैलिटी स्किल सेंटर्स की स्थापना, क्षेत्रीय स्तर पर कौशल प्रदान करने तथा रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए एक स्वागत योग्य कदम है। आईएचएचए के सेक्रेटरी जनरल गज सिंह अलसीसर ने कहा कि राजस्थान के आज घोषित नए बजट में हेरिटेज और ग्रामीण पर्यटन को सक्रिय रूप से बढ़ावा देना एक महत्वपूर्ण कदम। इस महत्वपूर्ण घोषणा के तहत 10 स्थलों को प्रतिष्ठित पर्यटन स्थलों के रूप में विकसित करने की योजना बनाई गई है। इसके साथ ही, शेखावाटी हवेलियों के संरक्षण तथा हेरिटेज वॉक को बढ़ावा देने के लिए कदम उठाने की भी घोषणा की गई है। पर्यटन विकास के लिए आवंटित 975 करोड़ रुपए में से एक बड़ी राशि कनेक्टिविटी और इन्फ्रास्ट्रक्चर के मामले में ग्रामीण और हेरिटेज पर्यटन स्थलों को लाभान्वित करेगी। संग्रहालयों के उन्नयन और रात्रि पर्यटन को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित करने के साथ ही 100 करोड़ रुपए से ट्राईबल सर्किट बनाने का फैसला भी सराहनीय है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *