इंदौर के अस्पताल में चेकअप कराने पहुंचा आसाराम:कुछ दिन अपने आश्रम में रहेगा; 12 साल पहले यहीं से हुई थी गिरफ्तारी

रेप का दोषी आसाराम बुधवार को इंदौर में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में इलाज कराने पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने कुछ जांच कराने की सलाह दी है। आसाराम 12 साल बाद इंदौर के अपने आश्रम पहुंचा है। इसी आश्रम से उसकी गिरफ्तारी हुई थी। बताया जा रहा है कि वह कुछ दिनों तक यहीं रहेगा। मंगलवार रात करीब 10 बजे आसाराम खंडवा रोड स्थित अपने आश्रम पहुंचा। बताया जा रहा है कि वह गोधरा से सड़क मार्ग से इंदौर आया। बता दें कि राजस्थान हाईकोर्ट से 14 जनवरी को आसाराम को अंतरिम जमानत मिली है। वह 31 मार्च तक बेल पर है। रेप के मामले में उसे उम्रकैद की सजा सुनाई गई है। कुछ दिन आश्रम में ही रहेगा आसाराम
जानकारी के मुताबिक, आसाराम अगले कुछ दिन इंदौर के ही आश्रम में रहेगा। जानकारी मिलने के बाद से अनुयायियों का आश्रम पर जुटना शुरू हो गया है। बताया जा रहा है कि अनुयायियों से सामूहिक रूप से मिलने का कोई प्रोग्राम नहीं है। वहीं, आश्रम में बाहरी लोगों की आवाजाही पर भी रोक लगा दी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद होगा उपचार
सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, इंदौर के अधीक्षक डॉ. सुमित शुक्ला ने बताया कि आसाराम को चेकअप के लिए व्हील चेअर पर अस्पताल लाया गया था। डॉक्टरों ने प्रारंभिक परीक्षण के बाद कुछ जांचें लिखी है। रिपोर्ट आने के बाद इलाज शुरू होगा। सुरक्षा का जिम्मा अनुयायी ही संभाल रहे
एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया ने बताया कि मेडिकल के आधार पर आसाराम जमानत पर है और लिंबोदी स्थित आश्रम में है। फिलहाल पुलिस की कोई व्यवस्था यहां नहीं लगी है। उनके द्वारा बताया गया है कि वहां के वॉलंटियर्स ही आश्रम की व्यवस्था संभाल रहे हैं। अगर उनके द्वारा फोर्स मांगी जाएगी तो उस पर विचार किया जाएगा। आसाराम 2 मामलों में गुनहगार: जोधपुर और गांधीनगर कोर्ट के फैसलों में भी दोषी जोधपुर कोर्ट: आसाराम को जोधपुर पुलिस ने इंदौर के आश्रम से साल 2013 में गिरफ्तार किया था। इसके बाद से आसाराम जेल में बंद था। पांच साल तक लंबी सुनवाई के बाद 25 अप्रैल 2018 को कोर्ट ने आसाराम को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। गांधीनगर कोर्ट: आसाराम के खिलाफ गुजरात के गांधीनगर में आश्रम की एक महिला ने रेप का मामला दर्ज करवाया था। कोर्ट ने 31 जनवरी 2023 को इस मामले में आसाराम को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें- आसाराम 11 साल 4 महीने बाद बाहर आया राजस्थान हाईकोर्ट से रेप के मामले में अंतरिम जमानत मिलने के बाद मंगलवार (14 जनवरी) की देर रात आसाराम (कैदी नंबर-130) भगत की कोठी (जोधपुर) स्थित आरोग्यम हॉस्पिटल से निकलकर पाल गांव (जोधपुर) स्थित अपने आश्रम पहुंचा। इस दौरान अस्पताल के बाहर उसके समर्थकों की भीड़ जुट गई। पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *