लुधियाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई में टेंपो ड्राइवर से 32 किलो 700 ग्राम चूरा पोस्त बरामद की है। आरोपी मनजीत सिंह गांव बंडूदी का रहने वाला है। वह ड्राइवरी के साथ-साथ नशीले पदार्थों की तस्करी का धंधा भी करता था। एसआई कुलविंदर सिंह के मुताबिक, पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी राजस्थान से पत्थरों की आड़ में चूरा पोस्त लाकर लुधियाना जिले और रायकोट शहर में सप्लाई करता है। सूचना के आधार पर पुलिस ने गांव लोहटबद्दी के पास नाका लगाया। पुलिस ने आरोपी को उसके टेंपो समेत पकड़ लिया। वाहन की तलाशी में पुलिस को भारी मात्रा में चुरापोस्त मिली। आरोपी गांव बडूदी से कलसिया होते हुए लोहटबद्दी की तरफ जा रहा था। पुलिस ने मामला थाना सदर रायकोट में दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि रायकोट में चूरा पोस्त किसको सप्लाई की जानी थी। आरोपी पर पहले भी लुधियाना में एक लूटपाट का मामला दर्ज है।


