मोवा फ्लाइओवर पर होगा डामरीकरण:विधानसभा सत्र खत्म होने के बाद कंपनी शुरू करेगी काम, एक हफ्ते तक ट्रैफिक वन-वे, मंडी गेट से आना-जाना करेंगे

पंडरी स्थित मोवा फ्लाइओवर में कई बार डामरीकरण करने की वजह से उसका वजन बढ़ गया है। इससे फ्लाइओवर के कमजोर होने का खतरा बढ़ रहा है। यही वजह है कि पीडब्ल्यूडी डामर की सभी परतें उखाड़कर नए सिरे से डामरीकरण करेगा। इसके लिए 20 दिसंबर को विधानसभा सत्र खत्म होने के बाद एक हफ्ते तक फ्लाईओवर से गा​ड़ियों का आना-जाना बैन किया जा रहा है। लोगों को इस दौरान तकलीफ न हो इसलिए इस सड़क से आने वाली सभी गा​ड़ियों को मोवा अंडरब्रिज और देवेंद्र नगर मंडी गेट की ओर डायवर्ट किया जाएगा। पीडब्ल्यूडी डामरीकरण के लिए करीब एक साल से टेंडर निकाल रहा था, लेकिन ट्रैफिक का दबाव अधिक होने से एक भी कंपनी भाग नहीं ले रही थी। इसलिए इस बार ट्रैफिक डायवर्ट करने का फैसला लिया गया है। पीडब्ल्यूडी ने डामरीकरण के लिए चौथी बार 78 लाख का टेंडर जारी किया था। काफी मशक्कत के बाद 2 प्रतिशत अधिक यानी 81 लाख में टेंडर फाइनल हुआ है। ठेका लेने वाली कंपनी मिलिंग मशीन से ओवरब्रिज के डामर की एक परत उखाड़कर एक सप्ताह के भीतर नए डामर की परत चढ़ा देगी। विधानसभा सत्र के बाद डामरीकरण का काम शुरू होगा। क्योंकि ज्यादातर मंत्री और अफसर विधानसभा जाने के लिए इसी फ्ला​इओवर का उपयोग करते हैं। पीडब्ल्यूडी ने ट्रैफिक को डायवर्ट करने के लिए कलेक्टर को चिट्ठी भी लिख दी है। कलेक्टर से अनुमति मिलना भी तय है। वन-वे करने से फंसेगा ट्रैफिक, अंडरब्रिज में भी लगेगा जाम मोवा फ्लाईओवर से सुबह से शाम तक हजारों गा​ड़ियां गुजरती हैं। पीडब्ल्यूडी की प्लानिंग पहले वन-वे करके डामरीकरण करने की थी, लेकिन अब इस फ्लाइओवर को पूरी तरह से बंद करने का फैसला लिया गया है। अफसरों का कहना है​ कि वन-वे करने से लोगों को परेशानी ज्यादा होती। फ्लाइओवर में जाम लगता और काम भी प्रभावित होता। क्योंकि पंडरी-मो​वा व उसके आगे विधानसभा तक जितनी भी कालोनियां और बस्तियां हैं वहां रहने वाले इसी फ्लाईओवर से शहर आते हैं। रिपोर्ट में हुआ था खुलासा नहीं टिक रहा है डामर मोवा फ्लाइओवर की सर्वे रिपोर्ट में खुलासा हुआ था कि इस पर डामर नहीं टिक पा रहा है। इस वजह से यहां थोड़े-थोड़े दिन में प्रत्येक पैनल के आस-पास गड्ढे होने लगते हैं। इसलिए बार-बार मरम्मत और पैचवर्क की जरूरत पड़ती है। पिछले 14 साल में पीडब्ल्यूडी करीब एक दर्जन बार फ्लाईओवर की मरम्मत और पेचवर्क करवा चुका है। इसी से इसका वजन बढ़ गया है। मोवा में लगातार बढ़ रहा ट्रैफिक फ्लाइओवर ठीक करना जरूरी मोवा फ्लाईओवर पर ट्रैफिक का दबाव लगातार बढ़ रहा है। मोवा-दलदल सिवनी और विधानसभा के आस-पास करीब दो दर्जन बड़ी कॉलोनियां बस गई हैं। कई नए मकान और बड़े प्रोजेक्ट उसी इलाके में बन रहे हैं। प्राइवेट मेडिकल कॉलेज के अलावा कई हाउसिंग सोसाइटी भी लांच हो रही है। चूंकि उस इलाके से शहर आने के लिए इकलौता प्रमुख रास्ता यही है इसलिए ट्रैफिक का प्रेशर लगातार बढ़ रहा है। यही वजह है कि लोधीपारा चौक से ओवरब्रिज तक अक्सर जाम लगता है। मोवा के बढ़ते ट्रैफिक की वजह से ही फ्लाइओवर को मजबूत करना जरूरी है। ताकि भविष्य में भी ट्रैफिक मजबूत रह सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *