भास्कर न्यूज | बालोद वनांचल क्षेत्र स्थित ग्राम पटेली में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्राम पटेली के अलावा ठेमाबुजुर्ग, ओरगांव, घोटिया, पचेड़ा, भर्रीटोला 36 एवं ढोर्रीठेमा सहित कई गांवों के निवासी उपस्थित हुए। शिविर में आवेदनों का परीक्षण कर संबंधित विभागों ने मौके पर ही कई समस्याओं का निराकरण किया। कलेक्टर दिव्या मिश्रा ने शिविर में उपस्थित लोगों को स्वच्छता के महत्व, बाल विवाह रोकथाम एवं जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया और स्वच्छता व बाल विवाह रोकथाम के लिए सक्रिय भागीदारी की शपथ दिलाई। साथ ही गर्भवती महिलाओं को सुपोषण किट प्रदान की गई और बच्चों का अन्न प्राशन कर उनका पोषण किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा 386 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से कई का मौके पर निराकरण किया गया। मछली पालन, कृषि, स्वास्थ्य, आयुष, श्रम, समाज कल्याण, राजस्व, महिला एवं बाल विकास, पशु चिकित्सा, विद्युत, अक्षय ऊर्जा और अन्य विभागों द्वारा हितग्राहियों को आवश्यक सामग्री, उपकरण और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। स्वास्थ्य विभाग ने निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं दवाइयों का वितरण भी किया। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, राज्य एथलेटिक्स संघ के उपाध्यक्ष सौरभ लुनिया, जनपद पंचायत डौंडी के अध्यक्ष मुकेश कौड़ो, उपाध्यक्ष भोलाराम नेताम, जिला पंचायत सदस्य मिथलेश निरोटी आदि मौजूद थे। सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए कहा कलेक्टर ने आम जनता को सरकारी योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, आयुष्मान योजना और श्रम विभाग की योजनाओं का लाभ लेने हेतु आवश्यक पंजीयन करने की अपील की। उन्होंने फाइलेरिया मुक्ति अभियान में दवा सेवन की अनिवार्यता भी स्पष्ट की। वरिष्ठ जनप्रतिनिधि चेमन देशमुख ने जिले के विकास कार्यों की सराहना की और बताया कि कलेक्टर के नेतृत्व में जल संरक्षण, पौधरोपण एवं जनभागीदारी के क्षेत्र में बालोद जिले नेउपलब्धियां हासिल की हैं।


