1500 रुपS के विवाद में युवक पर चाकू से हमला:बालाघाट के झाड़गांव में घटना, बयाना की रकम को लेकर हुआ विवाद

बालाघाट के रामपायली थाना क्षेत्र के झाड़गांव में मंगलवार देर रात दुपहिया वाहन खरीदी के बयाना को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर चाकू से हमला किया गया। घायल युवक दिनेश पिता चैनलाल नगपुरे को वारासिवनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटनाक्रम के अनुसार, झाड़गांव निवासी प्रतीक माहुले और मनीष उके के बीच दुपहिया वाहन खरीदने का बयाना हुआ था। इस सौदे में दिनेश ने मध्यस्थता की थी। 9 हजार रुपए में वाहन खरीदने के लिए मनीष ने 1500 रुपए बयाना दिया था। बाद में मनीष उके समय पर पैसे नहीं दे पाया और उसने वाहन नहीं खरीदा। इसके बाद वह दिनेश से बयाना के 1500 रुपए वापस मांग रहा था। इसी बात को लेकर मंगलवार शाम दिनेश और मनीष का ग्राम पंचायत भवन के सामने विवाद हुआ। विवाद के दौरान मनीष ने दिनेश की कमर के पास चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया। हमले के बाद एम्बुलेंस से घायल दिनेश को वारासिवनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। दिनेश के रिश्तेदार संजय नगपुरे ने बताया कि दोनों के बीच वाहन के बयाना वापसी को लेकर विवाद हुआ था, जिसके चलते यह घटना हुई। वारासिवनी पुलिस के पवन यादव ने जानकारी दी कि विवाद के दौरान यह घटना हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अग्रिम कार्यवाही की जा रही है। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *