आगामी मानसून में शहर के नाले ओवरफ्लो न हों, इसके लिए नगर निगम ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने जवाहर नगर और तलवंडी क्षेत्र का दौरा कर नाला सफाई काम का निरीक्षण किया और अधिकारियों को पूरे निगम क्षेत्र के लिए त्वरित रूप से सफाई शेड्यूल तैयार करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने मॉडर्न स्कूल के पीछे तथा आरएसी क्षेत्र में चेन माउंटेड मशीन से चल रहे सफाई कार्य का जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारी ऋचा गौतम को मशीन का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने और यह ध्यान रखने को कहा कि मशीन बेवजह खाली न खड़ी रहे। नगर निगम क्षेत्र में लगभग 60 ऐसे नाले चिन्हित किए गए हैं, जिनकी मानसून पूर्व सफाई जरूरी है। आयुक्त ने कार्ययोजना बनाकर सफाई कार्य मानसून से पहले पूरा करने के निर्देश दिए। गौरतलब है कि कोटा शहर में हर साल बारिश से पहले नालों की सफाई का काम शुरू कर दिया जाता है लेकिन हर साल जलभराव की स्थिति फिर भी पैदा होती है। खासकर जवाहर नगर, केशवपुरा रोड, देवली अरब रोड समेत कई इलाके ऐसे हैं जहां घरों तक में पानी घुस जाता है। सफाई के दावे किए जाते हैं लेकिन पूरे नहीं हो पाते। ऐसे में इस बार व्यवस्था ठीक रहे और जलभराव की स्थिति न हो, इसके लिए निगम अभी से तैयारी में जुटा है। मेहरा ने भीमगंजमंडी स्थित शास्त्री पार्क और बजरिया क्षेत्र में मुख्य रास्ते पर सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्य सड़क किनारे खड़े स्ट्रीट वेंडर्स को व्यवस्थित रूप से खड़ा कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा, ताकि यातायात और स्वच्छता व्यवस्था सुचारू बनी रहे।


