छत्रपति शिवाजी महाराज की 396वीं जयंती के अवसर पर राजधानी रायपुर में भव्य आयोजन किया जा रहा है। रायपुर के कोटा स्थित कुनबी समाज भवन में आयोजित इस महोत्सव को लेकर समाजजनों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम को ऐतिहासिक और आकर्षक बनाने की व्यापक तैयारियां की गई हैं। समाज के अध्यक्ष महेश्वर धाण्डेकर ने बताया कि इस अवसर पर सुबह से ही विभिन्न सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। बच्चों और युवाओं के लिए रंगोली, निबंध लेखन और फैंसी ड्रेस प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनके माध्यम से छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन, साहस और राष्ट्रभक्ति के आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा कुनबी समाज भवन से प्रारंभ होकर जगन्नाथ चौक, रामनगर और भारत माता चौक होते हुए विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरेगी। शोभायात्रा के दौरान शिवाजी महाराज के जीवन प्रसंगों पर आधारित झांकियां, पारंपरिक वेशभूषा में कलाकारों की प्रस्तुति और ढोल-ताशों की गूंज माहौल को उत्सवमय बनाएगी। आयोजन में रायपुर पश्चिम के विधायक राजेश मूणत, महापौर मीनल चौबे, पार्षद अमन ठाकुर और रायपुर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में शिवाजी महाराज के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला जाएगा। कुनबी समाज के अध्यक्ष महेश्वर धाण्डेकर, उपाध्यक्ष लखाराम बेदरे, सचिव राधेश्याम टोंडरे, कोषाध्यक्ष मानिक सिलारे, संयुक्त सचिव दिनेश मिसार तथा कार्यकारिणी सदस्य कुलेश्वर पारधी और रूपेश घोरमोड़े ने सभी समाजजनों और नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं और छत्रपति शिवाजी महाराज के आदर्शों को आत्मसात करें।


