लोकसभा अध्यक्ष ने ली केडीए व दोनों निगमों की बैठक:ओम बिरला बोलें- शहर को हरा-भरा सुंदर बनाने के लिए मिलकर मास्टर प्लान बनाएं

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने गुरुवार को जिला परिषद सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में कोटा विकास प्राधिकरण, नगर निगम उत्तर एवं दक्षिण के साथ ही पीचएचईडी के अमृत 2.0 से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। बैठक में लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि दोनों निगम एवं कोटा विकास प्राधिकरण साथ मिलकर मास्टर प्लान बनाएं जिससे कोटा शहर को हरा भरा, और खूबसूरत बनाया जा सके, यहां की सड़कें अच्छी बनाई जा सकें। लोगों की परेशानियां दूर करने के लिए सिस्टम तैयार करने के निर्देश
उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था रखना निगम का प्रमुख कार्य है, उसे और अधिक बेहतर बनाने के लिए जन भावना के अनुरूप विभिन्न सुविधाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाएं। दोनों नगर निगमों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसा सिस्टम तैयार किया जाए जिसमें आवारा पशु की समस्या, सीवरेज की सफाई, मृत पशु उठाने जैसी शिकायतें लोग अपने घर बैठे अपने मोबाइल पर उपलब्ध एप से कर सकें और उनका समाधान भी समय पर हो। इन कार्यों के लिए किसी को निगम के दफ्तर नहीं आना पड़े। थड़ी, ठेले वालों को व्यवस्थित कर उनके लिए जगह चिन्हित करने के निर्देश दिए ताकि यातायात में व्यवधान उत्पन्न नहीं हो। सर्वे करने के निर्देश
उन्होंने कहा कि शहर को हरा-भरा बनाने तथा पौधारोपण के लिए अभी से कार्ययोजना तैयार करने, श्मशान घाटों के विकास एवं वहां क्रियाकर्म के लिए आने वालों के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराने, स्ट्रीट लाइट के व्यवस्थित संचालन, शहर को आवारा पशु मुक्त बनाने, सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने के संबंध में निर्देश दिए।
बिरला ने कहा कि गरीब एवं आवासहीन व्यक्तियों का सर्वे कर सूची बनाएं और उनके लिए अफोर्डेबल हाउसिंग स्कीम तैयार करें। आवासहीन व्यक्तियों के लिए कम से कम लागत में मकान तैयार किए जाएं ताकि उन्हें छत उपलब्ध कराई जा सके। केडीए के आयुक्त ने दी जानकारियां
बैठक में कोटा विकास प्राधिकरण के आयुक्त रिशव मंडल ने प्राधिकरण द्वारा प्रस्तावित नवीन विकास परियोजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एमबीएस अस्पताल में रामाश्रय तैयार करने के लिए निविदा जारी कर दी गई है। उन्होंने बताया कि किशोर सागर तालाब के सौंदर्यीकरण, संविधान पार्क, जिला परिषद सभागार एवं श्रीनाथपुरम ऑडिटोरियम के नवीनीकरण, शूटिंग रेंज के विकास, चंबल नदी में क्रूज संचालन से संबंधित कार्य कोटा विकास प्राधिकरण द्वारा किए जाएंगे। इनमें से कुछ कार्यों की निविदा जारी हो गई है एवं कुछ कार्यों की डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने बताया कि प्राधिकरण द्वारा एलआईजी एवं ईडब्ल्यूएस श्रेणी के आवास का निर्माण भी कराया जाना प्रस्तावित है। साथ ही, डाढ़ देवी मंदिर के विकास एवं श्री मथुराधीश मंदिर व परिक्रमा मार्ग के विकास की डीपीआर तैयार कर पर्यटन विभाग को भेज दी गई है।
बैठक में नगर निगम कोटा उत्तर एवं दक्षिण के अधिकारियों ने श्मशानों के विकास एवं सौंदर्यीकरण, दशहरा मैदान फैज प्रथम में रामलीला ग्राउंड पर शेड निर्माण, भीतरीया कुंड उद्यान एवं चौराहे के सौंदर्यकरण, गौशाला विस्तार एवं शहर की सफाई व्यवस्था से जुड़े कार्यों की प्रगति के बारे में जानकारी दी। ‘6 घंटे में सफाई हो, ऐसा सिस्टम तैयार करें’
लोकसभा अध्यक्ष ने निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि निगम ऐसा सिस्टम तैयार करे कि कहीं से भी कचरा व गंदगी पड़ी होने की जानकारी आए तो अगले 6 घंटे में वहां की सफाई निगम द्वारा करवा दी जाए। उन्होंने छोटी-छोटी गलियों में नालियों एवं सीवरेज सिस्टम की प्रॉपर सफाई के भी निर्देश दिए। बिरला ने पीएचईडी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में कहीं भी कॉलोनी काटी जाए वहां पीने की पानी की उपलब्धता का प्लान भी पहले ही तैयार कर लिया जाए। जलदाय विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अमृत 2.0 में करीब 750 नई कॉलोनी कवर हो जाएंगी। इसके बाद बची हुई कॉलोनियों के लिए अलग से प्लान भेजा गया था जिसे इस बार के बजट में शामिल कर लिया गया है। बजट घोषणाओं की प्रगति की ली जानकारी
लोकसभा अध्यक्ष ने कोटा विकास प्राधिकरण एवं दोनों नगर निगम से जुड़ी बजट घोषणाओं की प्रगति की भी जानकारी ली। उन्होंने एजुकेशन हब का मास्टर प्लान तैयार करने के निर्देश दिए जहां सभी विश्वविद्यालय, तकनीकी संस्थान कॉलेज आदि स्थापित किए जा सकें। उन्होंने हाल ही में प्रस्तुत हुए बजट में कोटा से जुड़ी हुई घोषणाओं के लिए भी कार्ययोजना अभी से तैयार करने की निर्देश दिए। कई अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में संयुक्त सचिव लोकसभा सचिवालय गौरव गोयल, संभागीय आयुक्त कोटा राजेन्द्र सिंह शेखावत, जिला कलक्टर कोटा डॉ. रविन्द्र गोस्वामी, पुलिस अधीक्षक कोटा शहर डॉ. अमृता दुहन, नगर निगम आयुक्त उत्तर अशोक त्यागी, अतिरिक्त संभागीय आयुक्त ममता तिवाड़ी एवं केडीए सचिव कुशल कोठारी एवं वन विभाग के अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *