धौलपुर के सरमथुरा कस्बे स्थित रावर पैलेस में राजपूत समाज के प्रतिनिधियों ने पूर्व राजघराने के कुंवर हेमेंद्र सिंह और कुंवर सुरेंद्र सिंह से मुलाकात की। बैठक में समाज के जिला उपाध्यक्ष नरोत्तम सिंह परमार सहित कई प्रमुख लोग मौजूद रहे। बैठक में शिक्षा का मुद्दा प्रमुखता से उठा। समाज के लोगों ने चिंता जताई कि वर्तमान में राजपूत समाज शिक्षा के क्षेत्र में पिछड़ रहा है। इस समस्या से निपटने के लिए पहले से ही एक शिक्षा मिशन चल रहा है। इस मिशन के तहत शिक्षा से वंचित लोगों का डेटा तैयार किया गया है। समाज में फैली कुरीतियों जैसे जुआ, शराब और मृत्यु भोज पर भी गंभीर चर्चा हुई। इन समस्याओं के समाधान के लिए कई सुझाव दिए गए। कुंवर हेमेंद्र सिंह और सुरेंद्र सिंह ने समाज के हर कार्य में सहयोग का आश्वासन दिया। बैठक में आगामी होली मिलन समारोह की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। इस मौके पर शंभू सिंह जादौन, मानसिंह चौहान, बनवारी सिंह, कैप्टन सरपंच प्रतिनिधि धर्मेंद्र सिंह परमार, राहुल सिंह परमार और जीतू सिंह जादौन सहित राजपूत समाज के कई लोग मौजूद रहे।


