जोधपुर। शहर के बोरानाडा औद्यागिक क्षेत्र में स्थित एक एग्रीकल्चर इक्विपमेंट्स बनाने की फैक्ट्री में शुक्रवार शाम को भीषण आग लग गई। इसकी सूचना पर पहुंची निगम की 7 दमकलों ने करीब एक घंटे में आग पर काबू पा लिया। गनीमत रही कि समय रहते दमकलें पहुंचने से फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में रखे केमिकल व थिनर के ड्रम तक आग नहीं पहुंची, अन्यथा बड़ा हादसा हो जाता। बोरानाडा थानाधिकारी शकील अहमद ने बताया कि जोधपुर-बालोतरा हाईवे पर स्थित लटियाल हैंडीक्राफ्ट के पीछे स्थित गणेश एग्रीकल्चर में देर शाम आग लगने की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। तब तक यहां निगम की दमकलें भी पहुंच चुकी थी और समय रहते आग बुझाने के प्रयास शुरू होने की वजह से बड़ी मात्रा में रखे थिनर के ड्रम तक आग नहीं पहुंच पाई। नगर निगम के फायर ऑफिसर हेमराज शर्मा ने बताया कि रामकिशोर जांगिड़ की फैक्ट्री गणेश एग्रीकल्चर में कृषि उपकरण बनाने का कार्य किया जाता है। प्रथमदृष्टया फैक्ट्री में काम करने वाले कर्मचारियों से मिली जानकारी के अनुसार यहां थ्रेशर बनाने का काम करते समय निकली चिंगारी से यहां की वायरिंग में आग फैल आसपास रखे तैयार व निर्माणाधीन सामान तक पहुंच गई। कुछ ही देर में आग तेजी से फैलने लगी, तब तक बोरानाडा से दो दमकल के साथ टीम मौके पर पहुंची। यहां आग की भयावहता और भीतर केमिकल व थिनर होने की जानकारी सामने आने पर चौपासनी हाउसिंग बोर्ड अग्निशमन केंद्र के प्रभारी प्रशांतसिंह भी टीम के साथ दो दमकल लेकर मौके पर पहुंचे। इसी तरह, बासनी से दो तथा शास्त्री नगर फायर स्टेशन से भी एक दमकल मौके पर भेजी गई। यहां बोरानाडा प्रभारी हेतराम के साथ फायरमैन प्रदीप, बजरंग, हेमंत, अमिताभ, चंदन सहित अन्य दमकलकर्मियों की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत कर आग पर काबू पा लिया।


