जयपुर के इक्फाई विश्वविद्यालय में एन. जे. यसस्वी थर्ड मेमोरियल मूट कोर्ट कॉम्पिटिशन का शुक्रवार को शुभारंभ हुआ। प्रोफेसर वाई.आर. हरगोपाल रेड्डी की अध्यक्षता में उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। विश्वविद्यालय के प्रेजिडेंट प्रोफेसर डॉ. एचपी सिंह, वीएसएम ने मूट कोर्ट की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता छात्रों को कानूनी मुद्दों का विश्लेषण करने का अवसर देती है। साथ ही यह उन्हें सहज चिंतन और तर्कपूर्ण प्रतिक्रिया देने की कला सिखाती है। राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित इस प्रतियोगिता में देश भर से 34 टीमें भाग ले रही हैं। विजेताओं के चयन के लिए विभिन्न विधि विशेषज्ञों को आमंत्रित किया गया है। तीन दिवसीय इस आयोजन का समापन रविवार को जस्टिस के.सी. शर्मा की अध्यक्षता में होगा। समापन समारोह में विजेता टीमों को पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। उद्घाटन समारोह में विधि विभाग के डीन डॉ एच.के. वर्मा, एसोसिएट डीन डॉ प्रतिमा सोनी और अन्य प्रोफेसर उपस्थित रहे।


