भास्कर न्यूज|गिरिडीह झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी कृषक पाठशाला योजना अनुमंडल कृषि प्रक्षेत्र पचंबा में तीन साल से अधर में लटकी है। इस योजना की शुरुआत 2022-23 में शारदा एग्रो एजेंसी ने की थी। योजना के तहत वैज्ञानिक पद्धति से सब्जी और फल की खेती के साथ गाय, मुर्गी, सुअर, मछली और बतख पालन किया जाना था। किसानों को वैज्ञानिक पद्धति से खेती सिखाने के लिए प्रशिक्षण भवन भी बनना था। लेकिन दो साल बीतने के बाद भी शारदा एग्रो एजेंसी ने किसान प्रशिक्षण भवन का निर्माण नहीं कराया। वैज्ञानिक तकनीक से खेती और फलदार पौधे लगाने का काम भी शुरू नहीं हुआ। जबकि पूर्व जिला कृषि पदाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने एजेंसी संचालक आनंद सिंह को कई बार शोकॉज नोटिस भेजा, फिर भी अब तक काम शुरू नहीं हुआ। कई बार पत्र आदेश दिए गए, फिर भी काम तेज नहीं हुआ:डीएओ जिला कृषि पदाधिकारी आशुतोष तिवारी ने कहा कि एजेंसी को कई बार पत्र और मौखिक आदेश दिए गए, फिर भी काम तेज नहीं हुआ। एजेंसी ने मुर्गी, गाय और सुअर पालन के लिए शेड तो बनाए, लेकिन इनमें पालन शुरू नहीं हुआ। कृषि कार्यालय ने एजेंसी को 72 लाख रुपए का भुगतान कर दिया है। फिर भी योजना अधर में है। शारदा एग्रो एजेंसी को फिर से पत्र भेजा जा रहा है।


