भास्कर न्यूज|गिरिडीह मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के चाइना फैक्ट्री मोड़ पर ट्रक चालक मो. ताज हुसैन से मारपीट कर 20,500 रुपये लूट लिए गए। घटना 20 फरवरी की शाम करीब 7 बजे हुई। ताज हुसैन ट्रक खड़ा कर वेतन लेकर घर जा रहा था। चाइना मोड़ के पास पहुंचते ही कुछ लोगों ने उसे घेर लिया। सभी मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के रहने वाले हैं। आरोपियों ने रॉड, लाठी-डंडे से हमला कर दिया। रॉड से सिर पर वार करने से ताज हुसैन गंभीर रूप से घायल हो गया। हमलावरों ने उसकी जेब से 20,500 रुपये छीन लिए। धमकी दी कि अगर पुलिस को जानकारी दी तो फैक्ट्री में काम नहीं करने देंगे। ट्रक चालक ने मुफ्फसिल थाना में शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने बताया कि शराब के नशे में 6-7 युवकों ने ट्रक चालक को रोका और मारपीट कर रुपये लूट लिए। मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।


