भास्कर न्यूज | गढ़वा मैट्रिक की परीक्षा पेपर लीक मामले में जिला प्रशासन पूरी तरह से रेस हो चुका है। इसमें संलिप्त लोगों को चिह्नित करने की कार्रवाई की जा रही है। डंडा, मझिआंव व भवनाथपुर क्षेत्र के कुछ बच्चों से पुलिस पूछताछ कर रही है। हालांकि एसपी दीपक कुमार पांडेय ने मामले की जांच की कार्रवाई करने की बात कह रहे हैं। वहीं उपायुक्त शेखर जमुआर ने अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और सोशल मीडिया पर प्रचारित करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दिया है। उपायुक्त ने जारी बयान में कहा है कि झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक), रांची द्वारा आयोजित वार्षिक माध्यमिक परीक्षा 2025 का संचालन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गढ़वा जिला में पूरी सतर्कता के साथ संचालित हो रही है। उन्होंने कहा कि परीक्षा को लेकर सोशल मीडिया में कुछ अफवाह फैलाने का मामला जिला प्रशासन के संज्ञान में आया है, साईबर सेल एवं प्रशासनिक पदाधिकारी द्वारा जाँच कर कार्रवाई की गई है। जैक से प्राप्त प्रश्न-सह-उत्तर पुस्तिका को कोषागार एवं संबंधित बैंक के बज्रगृह में सुरक्षित रखा गया है। बज्रगृह में 24 घंटा सीसीटीवी सहित सुरक्षा बल प्रतिनियुक्त रहते हैं। परीक्षा की तिथि को निर्धारित विषय का प्रश्न-सह-उत्तर पुस्तिका गश्ती दल दण्डाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी के द्वारा विडियोग्राफी/सीसीटीव ी कैमरा की निगरानी में केन्द्राधीक्षक को उपलब्ध कराया जाता है। पुनः परीक्षा समाप्ति के उपरांत गश्तीदल दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी के द्वारा प्रश्न-सह-उत्तर पुस्तिका कोषागार, गढ़वा के बज्रगृह में सुरक्षित रखा जाता है। जैक के पदाधिकारी/कर्मी सुरक्षा के साथ ले जाते है। डीसी ने बताया कि गढ़वा जिला में साईबर सेल नियमित रूप से कार्यशील है, सोशल मीडिया पर पूरी तरह से नजर बनाए हुए है। साईबर सेल गढ़वा के कंट्रोल रूम का संपर्क नम्बर 7643984021 है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक का अफवाह फैलाना एक संगीन अपराध है, आरोपी के विरूद्ध भारतीय न्याय संहिता के सुसंगत धाराओं के तहत् प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही झारखण्ड अधिविद्य परीक्षा नियमावली में निहित प्रावधान के तहत भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। डीसी ने जिला के सभी आमजनों से अपील किया है कि वार्षिक माध्यमिक परीक्षा को लेकर किसी प्रकार का अफवाह न फैलाएं, और यदि किसी भी प्रकार के अफवाह या अन्य जानकारी प्राप्त हो तो उसे सोशल मीडिया पर शेयर न करे। सोशल मीडिया में इस तरह की भ्रांतियां उजागर होने पर साईबर सेल गढ़वा द्वारा तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सभी जिलेवासियों से अपील है कि संज्ञान में आने पर जिला नियंत्रण कक्ष, पुलिस/प्रशासनिक पदाधिकारी को अविलंब सूचित कर जिम्मेवार नागरिक के कर्तव्य को निभाएं।


