रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजे मंदिर ने सबका मन मोहा, भक्तजनों ने 500 पाउंड तक के केक काटकर बांटा प्रसाद

रानी का बाग स्थित माता लाल देवी मंदिर में माता लाल देवी जी का 102वां जन्मदिन श्रद्धा से मनाया गया। माता जी के जन्मदिन पर मेले जैसा नजारा रहा। रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजा मंदिर सबका मन मोह रहा था। महिला सेवकों ने गुलाबी रंग के सूट पहने हुए थे और हाथों में मेहंदी रचाकर माता जी का आशीर्वाद लेने पहुंची। सुबह मंदिर के कपाट खुलते ही सबसे पहले पुजारी ने माता जी का अद्भुत शृंगार किया। इसके बाद उन्हें कलियों और फूलों से सजाकर केक का भोग लगाया। आरती के पश्चात माथा टेकने वाले भक्तों का तांता लगना शुरू हो गया जो रात 1 बजे तक चला। मंदिर कमेटी के प्रधान विक्रम शर्मा, वित्त सचिव रविंदर पाल मेहरा, सचिव अशोक सोनी, राजा जोशी और जनरल मैनेजर ललित भल्ला की अध्यक्षता में मनाए माता जी के जन्मदिन पर शहर कई सभा सोसाइटियों की ओर से लंगर लगाए गए। इससे पहले मंदिर कमेटी की ओर से 108 कंजकों की पूजन किया गया। श्री सनातन धर्म पंजाब महावीर दल, श्री हनुमान सेवा परिवार कमेटी, निगम के जोन नंबर 5, पावरकॉम के कई कर्मचारियों ने जन्मोत्सव में सेवा निभाई। सुबह से लेकर रात तक कई भजन मंडलियों ने माता जी का गुणगान किया। पूर्व उपमुख्यमंत्री ओमप्रकाश सोनी ने केक काटकर माता जी के जन्मदिन का शुभारंभ किया। वहीं सांसद, विधायक, पार्षदों और संत समाज ने आकर माताजी का आशीर्वाद प्राप्त किया। माता जी के जन्मदिन पर हरेक भक्त माथा टेकने के लिए लंबी लाइनों में बारी का इंतजार करते रहे। मंदिर कमेटी और सेवादारों की ओर से भक्तों को प्रसाद झोलियां भरकर बांटा। वहीं दूसरी तरफ पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के तौर पर कई जवान तैनात किए गए थे। भजन मंडलियों की ओर से गणेश वंदना से माता जी का संकीर्तन शुरू किया गया। इसके बाद उन्होंने जैसे ही भजन ‘कोई मुड़दा ना खाली मां तेरे द्वारे तो’ गाया तो मंदिर में बैठे भक्तजन नाचने लगे। इसके बाद भजन ‘भर लो झोलियां माता लाल भवानी आई ए’ समेत कई तरह के भजन गायकों ने गाए। शाम को शहर के भक्तों की ओर से एक पाउंड से लेकर 500 पाउंड तक के केक काटे और उसका प्रसाद संगत में बांटा। इस मौके पर मंदिर के सभी पदाधिकारी ने संगत को माता जी के जन्म दिवस की बधाई दी। मंदिर परिसर के आसपास माता जी के भक्तों ने जलेबी, पकौड़े, खीर, हलवा, दाल चावल, छोले भटूरे, चाय, कॉफी, कोल्ड ड्रिंक समेत कई तरह के लंगर लगाए। पूरा दिन रानी का बाग में मंदिर में मेले जैसा माहौल रहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *