जालंधर| बस्ती बावा खेल थाना क्षेत्र के अधीन आते बस्ती गुजां में एक महिला ने अपने पति को कथित तौर पर पड़ोस में रहने वाली लड़की के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़ लिया। गुस्साई पत्नी ने पहले कमरे को बाहर से ताला लगाकर बंद किया और फिर अपनी मां को मौके पर बुला लिया। करीब एक घंटे तक चले हंगामे के बाद थाना बस्ती बावा खेल पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाया। महिला ने आरोप लगाया कि उसकी शादी चार साल पहले दशमेश नगर में हुई थी और पिछले पति उसे शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है। दो दिन पहले भी पति ने उसके साथ मारपीट की और घर से निकाल दिया था । वीरवार को वह अपने ढाई साल के बेटे के कपड़े लेने अचानक घर पहुंची तो अंदर का नजारा देख दंग रह गई। महिला के मुताबिक उसने पहले पड़ोसन से दरवाजा खुलवाया और जैसे ही अंदर गई तो पति और लड़की को एक साथ लेटा पाया। उसने आरोप लगाया कि पहले भी वह पति की चैट पकड़ चुकी है और स्क्रीनशॉट उसके फोन में मौजूद थे, लेकिन पति ने फोन छीन लिया था। महिला ने यह भी कहा कि उसके ससुर पहले भी उस पर हाथ उठा चुके हैं और उस समय भी थाने में शिकायत दी गई थी। हंगामे के दौरान महिला की मां भी मौके पर पहुंच गईं। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले ही बेटी ने फोन कर मारपीट की जानकारी दी थी। इधर, जैसे ही पुलिस ने दरवाजा खुलवाया, वहां मौजूद परिजनों और मोहल्ले के लोगों ने महिला के पति और लड़की की पिटाई कर दी। पुलिस ने भीड़ को हटाकर दोनों को हिरासत में लिया।


