भास्कर न्यूज | लुधियाना न्यू अंबेडकर नगर 33 फुटा रोड स्थित श्री राम जानकी बालाजी मंदिर में इस वर्ष मंदिर स्थापना का वार्षिकोत्सव और प्रभु श्री राम की पावन कथा का आयोजन भव्य स्तर पर किया जाएगा। आयोजन की रूपरेखा तैयार करने के लिए श्री राम कथा समिति द्वारा मंदिर परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक की गई। समिति के प्रधान मुनेंद्र नाथ राय की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि विक्रम संवत 2083 की चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिन से श्री राम कथा का शंखनाद होगा। भक्ति की यह धारा लगातार नौ दिनों तक प्रवाहित होगी, जिसका समापन श्री रामनवमी के पावन अवसर पर विशाल भंडारे और पूर्णाहुति के साथ किया जाएगा। श्रद्धालुओं को प्रभु श्री राम के जीवन दर्शन से सराबोर करने के लिए विख्यात कथाव्यास पं. अवधेश पांडे को आमंत्रित किया गया है। बैठक में प्रधान मुनेंद्र नाथ राय के साथ वीरेंद्र शुक्ला, घनश्याम ठाकुर, मुन्नीलाल चौरसिया, रामधारी यादव, रवि कुमार, गोरखनाथ, विनोद यादव, रंजन मिश्रा, शैलेश गिरी, अनिल तिवारी और वरुण सिंह सहित अन्य भक्त उपस्थित रहे।


