लुधियाना| सुभाष नगर इलाके में डिजिटल पेमेंट का झांसा देकर चोरी करने का मामला सामने आया है। यहां स्थित करियाना स्टोर से दो युवक करीब 3500 रुपए का राशन लेकर फरार हो गए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब 9 बजे एक्टिवा पर सवार होकर दो युवक दुकान पर पहुंचे। उन्होंने दुकानदार हरमीत सिंह से घर का राशन निकलवाया। जब सारा सामान पैक हो गया तो दोनों ने उसे अपनी एक्टिवा पर रख लिया। पैसे मांगने पर आरोपियों ने कहा कि वे ऑनलाइन पेमेंट कर रहे हैं। इसी दौरान जब दुकानदार ने मोबाइल में पेमेंट चेक करने या अन्य काम में ध्यान लगाया, तो दोनों युवक मौका पाकर राशन सहित फरार हो गए। जब तक दुकानदार को ठगी का एहसास हुआ, तब तक आरोपी गली में ओझल हो चुके थे। घटना की सूचना थाना जोधेवाल की पुलिस को दे दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है और मामले की जांच जारी है।


