भास्कर न्यूज | लुधियाना पंजाब विधानसभा की अनुसूचित जातियां, अनुसूचित जनजातियां और पिछड़ी श्रेणियों की भलाई संबंधी समिति ने लुधियाना की केंद्रीय जेल, बोर्स्टल जेल और महिला जेल का निरीक्षण किया। इस दौरान कैदियों और विचाराधीन बंदियों को मिल रही सुविधाओं का मूल्यांकन किया। समिति की अगुवाई सभापति और जगराओं से विधायक सरवजीत कौर माणुके ने की। उनके साथ अमृतसर पश्चिम से विधायक डा. जसबीर सिंह संधू, बठिंडा ग्रामीण से विधायक इंजीनियर अमित रतन, भुच्चो से विधायक मास्टर जगसीर सिंह, नवांशहर से विधायक डा. नछत्तर पाल, फगवाड़ा से विधायक बलविंदर सिंह धालीवाल और बाबा बकाला से विधायक दलवीर सिंह टौंग भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान समिति ने कैदियों और विचाराधीन बंदियों की समस्याएं सुनीं। कैदियों ने लंबे समय से माफी न मिलने की शिकायत की। इस पर सभापति सरवजीत कौर माणुके ने भरोसा दिलाया कि यह मामला मुख्यमंत्री भगवंत मान तक पहुंचाया जाएगा ताकि उचित निर्णय लिया जा सके।समिति ने जेल की बैरकों, रसोई, भोजन व्यवस्था, शौचालय, सफाई और अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। सदस्यों ने जेल के खाने का स्वाद भी छका और सफाई व्यवस्था पर विशेष जोर दिया। साथ ही जेल अस्पताल का दौरा कर ओट क्लिनिक, एचआईवी उपचार, टीबी इलाज और काउंसलिंग सेवाओं की जानकारी ली। समिति ने कैदियों के लिए पर्याप्त वॉशरूम, नियमित सफाई और रखरखाव की जरूरत पर बल दिया। इसके अलावा समिति ने बेकरी, वेल्डिंग, पावरलूम, बुनाई, लकड़ी कार्य और सिलाई जैसी व्यावसायिक प्रशिक्षण इकाइयों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कैदियों के लिए चल रहे आईटीआई कोर्सों की जानकारी दी। महिला जेल के दौरे के दौरान बंदी महिलाओं से स्वास्थ्य सेवाओं, भोजन और केसों की स्थिति को लेकर बातचीत की गई। उन्हें मुफ्त कानूनी सहायता की सुविधा के बारे में जानकारी दी गई और लीगल एड क्लिनिक से लाभ उठाने की अपील की गई। सभापति और समिति सदस्यों ने जेल में रह रहे छोटे बच्चों से भी मुलाकात की और उन्हें पढ़ाई के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर सहायक आयुक्त (जनरल) व एसडीएम पायल गोयल, एडीजीपी जेल अरुण पाल सिंह, डीआईजी जेल एसएस मंड, केंद्रीय जेल सुपरिंटेंडेंट कुलवंत सिंह उपस्थित रहे।


