लुधियाना| फिरोजपुर रोड स्थित एलिवेटेड रोड पर शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार कार की बाइक से टक्कर में बाइक सवार समेत दो लोगों की मौत हो गई। भारत नगर चौक की ओर से थरीके की तरफ जा रही एक स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और दूसरी लेन में जाकर मोटरसाइकिल सवार को चपेट में ले लिया। कार सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल है। मृतक की पहचान 42 वर्षीय जगदीश कुमार और गौरांश के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल युवक चरणजोत को डीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह तीन युवक स्विफ्ट कार में सवार होकर कॉलेज जा रहे थे। वहीं, बाइक सवार जगदीश कुमार अपने बच्चों को स्कूल छोड़कर घर लौट रहा था। इसी दौरान गडवासू स्थित वेटरनरी अस्पताल के सामने एलिवेटेड रोड पर कार अचानक अनियंत्रित हो गई। दुर्घटना के बाद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए तीनों घायलों को डीएमसी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने गौरांश और जगदीश को मृत घोषित कर दिया। जगदीश एक कंपनी में कूरियर बॉय का काम करता था। उसके दो बच्चे और पत्नी हैं और वही परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। वहीं, मृतक गौरांश के पिता फैक्ट्री चलाते हैं और उसकी मां गृहिणी हैं।


