फर्जी मृत्यु प्रमाण-पत्र से नामांतरण रद्द, पार्षद गिरफ्तार

भास्कर न्यूज | जांजगीर चांपा पुलिस ने फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाकर भूमि का नामांतरण कराने वाले पार्षद रामसिंह गोड़ (33) निवासी वार्ड क्रमांक 26, जगदल्ला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। आरोपी के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धाराएं 420, 467, 468, 471 और 34 के तहत कार्यवाही की गई है। पुलिस के अनुसार चांपा चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष व सोनारपारा चांपा निवासी सुनील सोनी ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार उनके दादा स्व. उमाशंकर ने जगदल्ला निवासी सुनहर गोड़ से खसरा नं. 473, रकबा 1.13 एकड़ जमीन खरीदी थी। इसकी अनुमति कलेक्टर से ली गई थी और पंजीकृत विक्रयनामा 19 नवंबर 1976 को हुआ था। जांच के दौरान सामने आया कि पार्षद राम सिंह गोड़ ने सुनहर गोड़ का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाकर दादा की खरीदी जमीन का नामांतरण निरस्त कराने का प्रयास किया है। आरोपी ने 2016-17 में ग्राम जगदल्ला के पार्षद, पटवारी और नगर पालिका कर्मचारियों से मिलीभगत कर फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार करवाया था। इसमें दादा की मौत 4 मई 1970 दर्शाई गई, जबकि मृत्यु तिथि 14 अक्टूबर 1979 है। पुलिस ने मामले में जांच कर गड़बड़ी करने के आरोप में पार्षद को गिरफ्तार किया है। निर्दलीय जीता था चुनाव, पार्षद बनने पर किया भाजपा प्रवेश: सरकारी दस्तावेज से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने आरोपी पार्षद रामसिंह गोड़ को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उसने निर्दलीय सीट से चुनाव लड़कर जीत हासिल की थी। पार्षद बनने के बाद उसे भाजपा प्रवेश कर लिया था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *