धौलपुर में दहेज के लिए पति ने बड़े भाई के साथ मिलकर पत्नी की पहले चुन्नी से गला घोंटकर हत्या की और फिर भूसे के ढेर में शव को जला दिया। सैंपऊ थाना क्षेत्र के नुनहेरा गांव की इस वारदात में पुलिस ने पति कमल किशोर (24) को गिरफ्तार कर लिया है। मौत से पहले महिला नीरज ने पिता को कॉल कर कहा था- ‘आज मुझे मार डालेंगे’। सुबह हुए झगड़े में पति ने पीटा था। पिता ने बड़ी बेटी प्रीति को बताया था- जिसके बाद उसका पति और आरोपी मनीष भाई कमल से बात करने पहुंचा। तब तक नीरज की हत्या हो चुकी थी। वारदात के बाद कमल खेतों में छिपा था, जहां से पुलिस ने रात 10 बजे दबोच लिया। मनीष फरार है। मर्डर से लेकर गिरफ्तारी तक की पूरी कहानी, जानें 4 पॉइंट में.. 1. नशे में की गई थी हत्या
डीएसपी ग्रामीण अनूप कुमार ने कहा- पूछताछ में आरोपी पति बताया कि गुरुवार को वह नशे में था। शाम को खेत वाले मकान पर जाकर पत्नी का चुन्नी से गला घोंट दिया था। इसी दौरान बड़ा भाई मनीष वहां पहुंच गया था। दोनों भाइयों ने मिलकर नीरज के शव को भूसे के ढेर में फेंका और ऊपर से गोबर के कंडे डालकर जला दिया था। थाना प्रभारी वीरेंद्र मीणा ने बताया कि मनीष को पकड़ने के लिए टीमें तलाश कर रही है। आरोपियों की मां लक्ष्मी भी फरार है, जिसकी भी तलाश की जा रही है। 2. मौत से पहले हुआ था विवाद
गुरुवार सुबह ही पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। पति की मारपीट से परेशान नीरज ने अपने पिता भगवानदास को कॉल किया था। कॉल कर बताया था कि सुबह कमल ने उसके साथ मारपीट की है। वह परेशान हो चुकी है और यहां से जाना चाहती है। पिता को कॉल पर कहा था कि वह उसके ससुराल आए और यहां से उसे ले जाए। इस पर पिता ने अपनी बड़ी बेटी प्रीति को कॉल कर नीरज के बारे में बताया। कॉल के बाद प्रीति का पति मनीष अपने भाई कमल से बातचीत करने उसके खेत पर बने मकान पर गया था। यहां पहुंचा तब तक वह नीरज की हत्या कर चुका था। इसके बाद दोनों ने मिलकर उसके शव को जला दिया था। 3.एक ही परिवार में 2 बहनों की शादी की थी
नीरज और उसकी बड़ी बहन प्रीति की शादी एक ही परिवार में हुई थी। प्रीति की शादी मनीष से हुई थी। नीरज के दो बच्चे हैं और वह पति के साथ खेत पर बने मकान में रहती थी। शादी के बाद से ही दोनों बहनों को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। 4. पिता को मिला था बेटी का जला हुआ शव
बेटी के कॉल के बाद जब पिता भगवानदास बेटे मनोज के साथ नुनहेरा गांव पहुंचे तो भूसे के ढेर में बेटी का जला हुआ शव मिला था। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के घुसियाना गांव निवासी भगवान दास ने बताया- मेरी बेटी नीरज की शादी 5 साल पहले नुनहेरा गांव के रहने वाले कमल किशोरके साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए बेटी के साथ मारपीट करते थे। ………………. ये खबर भी पढ़ें… दहेज के लिए महिला को भूसे के ढेर में जलाया:पिता को फोन कर कहा था-आज मुझे मार डालेंगे; बड़ी बहन बोलीं-मुझे भी मारने आए थे धौलपुर में दहेज के लिए ससुराल वालों ने बहू को भूसे के ढेर में जलाकर मार डाला। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए हैं। मामला सैंपऊ थाना क्षेत्र के नुनहेरा गांव का है। (यहां पढ़ें पूरी खबर)


