चुनावी ड्यूटी से गायब पटवारी पर कार्रवाई:मतपत्र की प्रूफ रीडिंग छोड़कर भागा, फोन बंद किया; कलेक्टर ने किया निलंबित

गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले में पटवारी को चुनावी कर्तव्यों की अवहेलना करने के कारण निलंबित कर दिया गया है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी लीना कमलेश मंडावी ने तहसील कार्यालय मरवाही के पटवारी जवाहर राम चौधरी पर यह कार्रवाई की है। पटवारी चौधरी को मतपत्र की प्रूफ रीडिंग की जिम्मेदारी दी गई थी। लेकिन वह बिना किसी सूचना के कार्य छोड़कर चले गए। जब नोडल अधिकारी ने उन्हें फोन किया, तो उन्होंने कॉल काट दी और अपना मोबाइल बंद कर लिया। पटवारी को कारण बताओ नोटिस जारी इस मामले में रिटर्निंग ऑफिसर (पंचायत) खंड मरवाही ने पटवारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया। पटवारी ने अपने स्पष्टीकरण में माना कि वह बिना सूचना दिए अपने एक परिचित के यहां चले गए थे। उन्होंने व्हाट्सऐप के माध्यम से जवाब भेजा, जो उच्चाधिकारी के आदेश की अवहेलना मानी गई। कलेक्टर ने पटवारी के इस आचरण को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 का उल्लंघन माना है। निलंबन अवधि में पटवारी चौधरी का मुख्यालय कलेक्टर कार्यालय (भू-अभिलेख) शाखा में रहेगा। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *