नगर निगम के पार्षद मंगलवार को नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल के साथ घूमते नजर आए। सभी बड़े प्रोजेक्ट को देखा और उनकी खूबियां जानी। सहजनवा के पास सुथनी में बन रहे चारकोल प्लांट में जाकर विशेषज्ञों से यह जाना कि कैसे कचरे से कोयला बन जाएगा। नेशनल थर्मल पावर कारपोरेशन (NTPC) इस कोयले को अपने पावर प्लांट में इस्तेमाल करेगा। NTPC की ओर से स्थापित किए जा रहे इस प्रोजेक्ट ने पार्षदों को खूब आकर्षित किया।
नगर आयुक्त ने सभी 80 पार्षदों को नगर निगम के कार्यों के बारे में बताने के लिए आमंत्रित किया था। आमतौर पर शहर में अपने वार्ड से नगर निगम कार्यालय तक आने-जाने वाले पार्षदों को बड़े प्रोजेक्ट देखने को कहा गया था। हालांकि इस भ्रमण कार्यक्रम में 20 से अधिक पार्षद ही आए। पार्षदों ने भ्रमण के इस कार्यक्रम को खूब सराहा। सबसे पहले देखा निर्माणाधीन वर्कशाप
नगर निगम के पार्षदों को सबसे पहले ट्रांसपोर्ट नगर में बन रहे निगम के वर्कशाप ले जाया गया। यहां कार्य की प्रगति जानने के बाद वे नौसढ़ स्थित एकला बांध पर पहुंचे। राप्ती नदी के किनारे बने इस बांध पर कभी नगर निगम कूड़ा गिराता था। यहां कूड़े का पहाड़ था। स्थानीय लोगों के विरोध और शहर का प्रवेश द्वार होने के कारण कूड़ा गिराना बंद किया गया। कूड़े का पहाड़ तो हटा ही, मियावाकी पद्धति से पौधे लगाए गए। इसके बाद पार्षदों ने नौसढ़ में बना पशु शवदाह देखा। सुथनी के प्रोजेक्ट ने किया प्रभावित
नौसढ़ से आगे बढ़ने पर पार्षद नगर निगम के सबसे बड़े प्रोजेक्ट को देखने पहुंचे। यह प्रोजेक्ट सहजनवा कस्बे से आगे सुथनी में आकार ले रहा है। यहां NTPC के सहयोग से चारकोल प्लांट ओर बायो सीएनजी प्लांट बनाया जा रहा है। पार्षदों ने वहां सीएनडी वेसट प्लांट में मलबे के निस्तारण व उससे बनाई जा रही इंटरलाकिंग ईंट को देखा। 4 महीने में शुरू होगा चारकोल प्लांट उन्हें बताया गया कि अगले 4 महीने में चारकोल प्लांट बनकर तैयार हो जाएगा। विशेषज्ञों ने बताया कि इस प्लांट में सबकुछ आटोमेटिक होगा। इसके बाद कूड़ा निस्तारण की समस्या भी खत्म हो जाएगी। इसके बाद पार्षदों के दल ने चरगावां में गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन का भी भ्रमण किया। इस दौरान उपसभा पति धर्मदेव चौहान, पार्षद अजय राय, ऋषि मोहन वर्मा, विश्वजीत त्रिपाठी सोनू, शिवेंद्र मिश्र, पिंटू गौड़, रंजुला रावत, पूनम सिंह, अशोक मिश्रा, राजेंद्र तिवारी, पवन सिंह, निगम के मुख्य अभियंता संजय चौहान आदि उपस्थित रहे।


