मोबाइल टावर से उपकरण चोरी के दो आरोपी गिरफ्तार:रिमोट रेडियो यूनिट मशीन समेत 35 लाख के उपकरण बरामद

कुचामन में मोबाइल टावरों से उपकरण चोरी करने के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों से 35 लाख रुपए से ज्यादा का सामान बरामद किया गया है। आरोपी मोबाइल टावर से उपकरण चुराकर दिल्ली और जयपुर में बेचा करते थे। कुचामन सीआई सतपाल सिंह ने बताया कि बीती रात गश्त की जा रही थी। इस दौरान पुलिस को एक संदिग्ध कार दिखाई दी। पुलिस ने कार का पीछा किया। कार में सवार दो आरोपी रामुराम जाट (26) पुत्र मोडूराम जाट निवासी बडू पुलिस थाना गच्छीपुर और प्रदीप प्रजापत (20) पुत्र शंकरलाल निवासी चांदारूण को गिरफ्तार कर लिया। जबकि एक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। कार की तलाशी में पुलिस को मोबाइल टावर की 13 आरआरयू मशीनें मिली। इसके अलावा 10 बॉक्स, प्लास्टिक की केबिल के 5 पैकेट, रस्सा, पावर कटर, पेचकस, लोहे की पुल्ली और टेक्नीशियन बैग भी बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांवों में लगे मोबाइल टावरों से आरआरयू मशीन और अन्य उपकरण चुराते हैं। चोरी का सामान दिल्ली और जयपुर में ऊंची कीमत पर बेच देते हैं। पकड़े गए आरोपी चोरी का सामान बेचने जा रहे थे। सामान के कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले। साथ ही कार की आरसी, बीमा और वैध दस्तावेज नहीं होने एवं कार में तीन अन्य नंबर प्लेट मिलने पर कार जब्त कर ली।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *