बाड़मेर में दूल्हे और बारातियों के लिए साफा खरीदने जा रहे युवकों की तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर पलट गई। हादसे में दूल्हे के चचेरे भाई और दोस्त की मौत हो गई। जबकि 2 गंभीर घायल हो गए। हादसा चौहटन थाना इलाके में अमरावास गांव के पास सोमवार शाम करीब 4:30 बजे हुआ। घायलों को चौहटन सरकारी अस्पताल से बाड़मेर रेफर किया गया, जहां हॉस्पिटल में उनका इलाज जारी है। थानाधिकारी राजूराम ने बताया- घटना स्थल से क्षतिग्रस्त कार को जब्त कर लिया है। हादसे की जांच जा रही है। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेंगे। शादी में शामिल होने आए थे दोस्त
थानाधिकारी राजूराम ने बताया- आलमसर निवासी नितेश की शादी मंगलवार (25 फरवरी) को है। उसके दोस्त हितेश (22) पुत्र इंद्राराम निवासी भूरासर, बीकानेर और जोगाराम (24) उर्फ जोगेंद्र पुत्र राजूराम कुमार निवासी जोधपुर शादी में शामिल होने के लिए आलमसर आए थे। शादी समारोह में दूल्हे और बारातियों के लिए साफा और पगड़ी का इंतजाम करना बाकी रह गया था। दोनों साफा-पगड़ी लेने जाने लगे तो नितेश के चचेरे भाई अनिल कुमार (30) पुत्र जयराम और जोगाराम (24) पुत्र रूपाराम भी उनकी फोर्ड फिगो कार में बैठ गए। फिर चारों कार से चौहटन के लिए रवाना हो गए। बेकाबू होकर कार पलटी
शाम करीब 4:30 बजे चौहटन-बाखासर रोड पर उनकी तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर पलट गई। हादसे में हितेश और अनिल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अन्य दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने सभी को चौहटन हॉस्पिटल पहुंचाया। हितेश और अनिल के शव मॉर्च्युरी में रखवाए। दोनों घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद बाड़मेर रेफर कर दिया गया, जहां दोनों का इलाज जारी है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि हितेश और अनिल प्राइवेट नौकरी करते थे।


