सिरोही सदर पुलिस ने सोमवार को माकरोड़ा गांव में एक अवैध रूप से बजरी का परिवहन करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही बजरी से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया। माकरोड़ा गांव की मुख्य नदी से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में अवैध बजरी भरकर ले जा रहे ड्राइवर को पुलिस ने पकड़ा। आरोपी की पहचान माकरोड़ा निवासी मंसाराम पुत्र खीमाराम भील के रूप में हुई है। पुलिस ने जब उससे बजरी परिवहन का परमिट मांगा तो वह कोई जवाब नहीं दे सका। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बजरी से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया। आरोपी मंसाराम को गिरफ्तार कर सिरोही सदर थाना ले जाया गया। बाद में उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से कोर्ट के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया। सिरोही सदर पुलिस ने इस मामले की सूचना खनिज विभाग के अधिकारियों को भी दे दी है। अवैध खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।


