कोटा के गुमानपुरा थाना क्षेत्र में देर रात पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान धीरज सुमन उर्फ बिजली बादशाह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार देर रात धीरज सुमन पर तीन से चार युवकों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में युवक का गला काट दिया गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल एमबीएस हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। डॉक्टरों की टीम ने युवक का इलाज शुरू किया, लेकिन देर रात उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि मृतक धीरज सुमन करीब छह से सात महीने पहले ही जेल से रिहा होकर आया था। वह पूर्व में हत्या के एक मामले में जेल में बंद रहा था। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि मारपीट करने वाले युवक मृतक के परिचित बताए जा रहे हैं। घटना के पीछे पुरानी रंजिश को कारण माना जा रहा है। गुमानपुरा थाना अधिकारी महेश कारगवाल ने बताया कि आपसी कहासुनी के बाद विवाद बढ़ा, जिसके चलते युवक के साथ मारपीट की गई। घायल अवस्था में उसे हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए एमबीएस हॉस्पिटल के पोस्टमार्टम रूम में रखवाया गया है। परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई हैं।


