जामताड़ा | जामताड़ा महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई-1 की ओर से 2 मार्च तक बेना गांव में आयोजित होने वाले विशेष शिविर का उद्घाटन सोमवार को महाविद्यालय परिसर में हुआ। उद्घाटन समारोह में सिदो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय, दुमका के राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम समन्वयक डॉ धनंजय मिश्रा मुख्य अतिथि रहे। मौके पर महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य प्रो. कौशल, कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. काकोली गोराई और इकाई-2 की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. प्रीति मौजूद रहीं। कार्यक्रम का संचालन डॉ राम स्नेही राम ने किया। मुख्य अतिथि डॉ मिश्रा ने स्वयंसेवकों को संबोधित किया। उन्होंने राष्ट्रीय सेवा योजना के महत्व पर जोर देते हुए इसे समाज सेवा, सर्वांगीण विकास और जागरूकता का बेहतरीन माध्यम बताया। उन्होंने नई शिक्षा नीति के तहत राष्ट्रीय सेवा योजना की भूमिका पर भी प्रकाश डाला।


