भास्कर न्यूज | चतरा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद चतरा इकाई के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को दसवीं हिंदी और विज्ञान विषय का प्रश्नपत्र परीक्षा से पूर्व लीक होने के विरोध में केशरी चौक पर जैक अध्यक्ष का पुतला दहन किया। अभाविप के जिला संयोजक मुन्ना यदुवंशी ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद दसवीं की परीक्षा में हिंदी और विज्ञान के पेपर लीक होने की घटना की निष्पक्ष व विस्तृत जांच की मांग करती है। राज्य में लगातार हो रही पेपर लीक की घटना राज्य की शिक्षा व्यवस्था के लिए अत्यंत ही चिंताजनक है। विद्यार्थी इस प्रकार की घटनाओं से मानसिक रूप से तनावग्रस्त होते हैं, जिनका असर उनकी परीक्षा परिणाम पर भी पड़ता है। अभाविप नगर इकाई सह मंत्री अनुराग कुमार आर्य ने कहा कि झारखंड अधिविद्य परिषद परीक्षाओं की शुचिता बरकरार रखने में असमर्थ है। जिला थिंक प्रमुख अर्णव श्रीवास्तव ने कहा कि पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। कॉलेज इकाई के अध्यक्ष साहिल सांघा ने कहा कि सरकार पूरी तरह से गैर-लोकतांत्रिक तरीके से कार्य कर रही है। छात्र विरोधी सरकार विद्यार्थियों के आवाज को दबाने के लिए प्रशासन का गलत तरीके से उपयोग कर रही है। लेकिन परिषद के कार्यकर्ता जेल के अंदर और बाहर हर जगह पर झारखंड के छात्रों का नेतृत्व करने में सक्षम है और पेपर लीक के इस मुद्दे को लेकर सरकार के साथ संघर्ष के लिए तैयार हैं। मौके पर मुन्ना यदुवंशी, रूपेश कुमार,बलभद्र कुमार,सनी कुमार,अनुराग कुमार ,अरणव श्रीवास्तव, प्रियांशु सिंह, सनोज यादव,समर्थ यादव, शिक्षण यादव, कात्यानी,ध्रुव केसरी सहित अन्य कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।


