भास्कर न्यूज | चतरा नक्सली संगठन टीएसपीसी के सेकेंड इन चीफ कमांडर आक्रमण को गिरफ्तार कर लिए जाने की सूचना मिल रही है। आक्रमण पर झारखंड सरकार ने 15 लाख रुपए का इनाम रखा था। इसकी गिरफ्तारी चतरा – पलामू के सीमावर्ती क्षेत्र से होने की बात कही जा रही है। हांलाकि पुलिस इस मामले में कुछ नहीं बोल रही है। एसपी विकास कुमार पांडेय ने ऐसी किसी सूचना से अनभिज्ञता जाहिर की है। लेकिन दूसरी ओर सूत्रों ने दावा किया है कि तीन दिन पूर्व पुलिस ने टीएसपीसी कमांडर आक्रमण के लिए कुरियर का काम करने वाला उपेंद्र भुइंया की गिरफ्तार की थी। इसके निशानदेही पर ही आक्रमण उर्फ ब्रह्मदेव गंझू उर्फ आरके को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस किसी गुप्त स्थान पर रखकर उससे पूछताछ कर रही है। आक्रमण गंझू मूल रूप से पलामू जिले के मनातू थाना क्षेत्र के छोटकी नागर गांव का रहने वाला है। बताया जाता है कि उसके गांव छोटकी नागर के उत्तर में एक पहाड़ी है। जहां वह शरण लिए हुए था। पुलिस ने पहाड़ी के पास से ही उसे गिरफ्तार किया है। सूत्रों ने बताया कि आक्रमण की गिरफ्तारी हथियार के साथ हुई है। आक्रमण नक्सली संगठन टीएसपीसी के संस्थापक सदस्यों में से एक है। संगठन में इसका ओहदा सेकेंड इन चीफ का है। टीएसपीसी संगठन में सुप्रीमो ब्रजेश गंझू उर्फ सरदार जी के बाद दूसरे पायदान पर आक्रमण जी था। इसके बाद कोहराम व मुकेश गंझू का नाम आता है। मुकेश गंझू लगभग दो वर्ष पूर्व पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया था। जबकि कोहराम पहले से ही हजारीबाग सेंट्रल जेल में बंद है। क्षेत्र में सुप्रीमो ब्रजेश गंझू के साथ आक्रमण गंझू ही संगठन का काम देख रहा था।


