मतगणना में हुई गड़बड़ी की जांच की मांग को लेकर रविवार शाम कलेक्ट्रेट के सामने प्रदर्शन के दौरान एक ग्रामीण की तबीयत बिगड़ गई। कलेक्टर गोपाल वर्मा को सूचना मिली तो वे तुरंत जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मरीज का हालचाल जाना और डॉक्टरों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए। मरीज का नाम सुकाल सिंह (40 वर्ष) है। वह ग्राम राली चितापुर का रहने वाला है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक प्रदर्शन के दौरान उसे चक्कर आया और वह जमीन पर गिर पड़ा। कलेक्टर के निर्देश पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने बताया कि उसकी हालत अब नियंत्रण में है। एमडी मेडिसिन डॉक्टर ने बीपी, शुगर सहित जरूरी जांच की। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने कहा कि जरूरत पड़ी तो सिटी स्कैन कराया जाएगा। कलेक्टर वर्मा ने प्रदर्शनकारियों से भी मुलाकात की। उन्होंने आश्वासन दिया कि जरूरत पड़ने पर प्रदर्शन स्थल पर ही स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा। अस्पताल प्रशासन ने मरीज को आराम देने के लिए सहयोगियों से एकांत में छोड़ने का आग्रह किया।


