झारखंड विधानसभा का बजट सत्र सोमवार को शुरू हो गया। राज्यपाल संतोष गंगवार ने सदन में अभिभाषण दिया। इस दौरान विपक्षी दल भाजपा के विधायकों ने भाषण का विरोध किया, टोका-टोकी की। पर, राज्यपाल अभिभाषण पढ़ते रहे। उन्होंने कहा कि सरकार ने राज्य के महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी, सामाजिक रूप से सशक्त और मानसिक रूप से सजग बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना शुरू है। 18 से 50 वर्ष तक की सभी पात्र महिलाओं के खाते में 2500 रुपए प्रतिमाह डीबीटी के माध्यम से दिया जा रहा है। दिसंबर 2024 तक 56.61 लाख महिलाओं को इस योजना का फायदा मिला है। राज्यपाल ने कहा कि सरकार ने विकसित झारखंड के निर्माण के लिए नए विजन, नए मिशन और नए संकल्प के साथ काम शुरू कर दिया है। इस यात्रा की शुरुआत 28 नवंबर 2024 से हो चुकी है। एक घंटे के अभिभाषण के दौरान गवर्नर ने सरकार की कई योजनाएं, उपलब्धियां और प्राथमिकताएं भी गिनाईं। रोजगार: मेले से 8499 युवाओं को मिला रोजगार राज्यपाल ने कहा कि बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए 81 भर्ती कैंप व 63 रोजगार मेलों का आयोजन किया गया। इसके जरिए 8499 युवाओं को रोजगार दिया गया है। स्किल कॉनक्लेव का आयोजन कर 21,861 प्रशिक्षणार्थियों को जॉब ऑफर दिया गया है। 4804 पदों पर नियुक्ति की अधियाचना कानून-व्यवस्था: साइबर 898 अपराधी धराए पिछले साल 248 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया। 24 ने सरेंडर किया। 9 मुठभेड़ में ढेर हुए। 154 संगठित गिरोह के अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। प्रतिबिंब एप की मदद से 274 केसों में 898 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। 66 करोड़ से अधिक राशि फ्रीज करते हुए तीन करोड़ पीड़ितों को वापस कराई गई है। भ्रष्टाचार : 56 लोक सेवक गिरफ्तार हुए राज्यपाल ने कहा कि सरकारी तंत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया जा रहा है। भ्रष्ट लोक सेवकों की पकड़ा जा रहा है। इस वर्ष भ्रष्टाचार के आरोपों में कुल 59 केस दर्ज किए गए। 43 मामलों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया गया। भ्रष्टाचार के आरोपों में अबतक 56 लोक सेवकों को गिरफ्तार किया गया है। महिला सशक्तिकरण : 2.9 लाख सखी मंडलों से 31 लाख से अधिक परिवार जुड़े राज्य में लगभग 2.9 लाख सखी मंडलों का गठन किया गया है। 31 लाख से अधिक परिवारों को इनसे जोड़ा गया है। आदिम जनजाति परिवारों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए 5705 सखी मंडलों में लगभग 58 हजार परिवारों को जोड़ा गया है। महिला, किसान सशक्तिकरण परियोजना के तहत राज्य के 3 लाख परिवारों को लाह, रेशम, औषधीय पौधे की खेती, पशुपालन और फूलो-झानो आशीर्वाद योजना से जोड़ा गया है। 38 हजार से अधिक महिलाओं को हड़िया-दारू की बिक्री छोड़कर आजीविका से जोड़ा गया है। सरकार असत्य का पुलिंदा पढ़वा रही: सीपी सिंह राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान भाजपा के वरिष्ठ विधायक सीपी सिंह ने कहा कि महामहिम आप सरकार का जो दस्तावेज पढ़ रहे हैं, ये असत्य का पुलिंदा है। सारे दस्तावेज गलत है। भ्रष्टाचार तांडव कर रहा है। कानून व्यवस्था की स्थिति इतनी खराब है, जिसकी कल्पना नहीं की जा सकती है। दिनदहाड़े हत्या लूट आैर बलात्कार की घटनाएं हो रही हैं। मंईया सम्मान योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। युवाओं को भी कुछ नहीं मिल रहा है। इधर, सत्ता पक्ष ने राज्यपाल के अभिभाषण पर मेज थपथपाकर स्वागत किया।


